चण्डीगढ़, 11.12.25- : आमजन के मन में आयुर्वेद के बारे में काफी भ्रांतियां हैं। पंचकूला में आगामी 12 दिसंबर से आयोजित होने जा रहे विशाल आयुर्वेद महोत्सव 2025 में इन सभी भ्रांतियों का निवारण एवं निदान किया जाएगा। ये कहना था सम्मेलन के संरक्षक वैद्य राकेश शर्मा का, जो आज एक प्रेस वार्ता में पत्रकारों से मुखातिब थे।

सेक्टर 31 स्थित सीआईआई मुख्यालय में आयोजित इस प्रेस वार्ता में वैद्य राकेश शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद महोत्सव 2025 समग्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक टर्निंग प्वाइंट साबित होगा, क्योंकि इसमें देश के प्रख्यात आयुर्वेदाचार्यों सहित
6 हजार से अधिक आयुर्वेद चिकित्सक और आयुर्वेद औषध निर्माता शामिल होंगे। ये मंच सभी भ्रामक दुष्प्रचार का तोड़ प्रस्तुत करेगा।

भारतीय आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा विरासत और आधुनिक वैज्ञानिक प्रगति को समर्पित इस सम्मेलन के मार्गदर्शक डॉ. संजीव गोयल तथा आयोजन अध्यक्ष डॉ. ऋषभ दीक्षित ने बताया कि यह महोत्सव न केवल आयुर्वेद के वैज्ञानिक विकास को नई दिशा देगा, बल्कि जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में इसके उपयोग को भी सुदृढ़ बनाएगा।