चण्डीगढ़,02.02.26- : चण्डीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) ने केंद्रीय बजट 2026 का स्वागत किया है, जिसमें एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) क्षेत्र को बढ़ावा देने और व्यापारियों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने की दिशा में कई सकारात्मक प्रावधान किए गए हैं। चण्डीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने कहा कि बजट में एमएसएमई विकास, अनुपालन में सरलीकरण और बुनियादी ढांचा विकास पर दिया गया जोर, व्यापारियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगा और चण्डीगढ़ की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा। चण्डीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन चरणजीव सिंह ने कहा कि हमें विश्वास है कि यह बजट व्यापार और वाणिज्य पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा। सीबीएम के उपाध्यक्ष एवं आधिकारिक प्रवक्ता दिवाकर साहूंजा ने कहा कि हम एसएमई ग्रोथ फंड, जीएसटी सुधार और कस्टम्स सरलीकरण से संबंधित घोषणाओं की सराहना करते हैं। हालांकि, हम एक व्यापक ट्रेडर पॉलिसी की उम्मीद कर रहे थे जो छोटे और मध्यम व्यापारिक समुदाय को और अधिक सहयोग प्रदान कर सके।