चण्डीगढ़ 02.02.26- : गांव दरिया में एक भव्य धर्म सम्मेलन का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस सम्मेलन की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने की। कार्यक्रम में डॉ. निर्मल कौर, रिद्धि सोनी एवं करण बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित रहे, जबकि पल्लवी ठाकुर ने मंच संचालन किया।
अपने उद्बोधन में डॉ. निर्मल कौर ने कहा कि सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी ने धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और मानवता को त्याग व बलिदान का मार्ग दिखाया। रिद्धि सोनी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को परिवार, समाज, राष्ट्र और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। वहीं करण ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्लास्टिक का प्रयोग बंद कर अधिक से अधिक पौधे लगाकर स्वच्छ वातावरण के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
अध्यक्षीय भाषण में डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने सम्मेलन में भाग लेने वाली सभी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि हमें अपनी भारतीय संस्कृति और मूल्यों पर गर्व करना चाहिए।
श्री सिद्ध शिव मंदिर की ओर से शबरी और राम के मिलन का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही भगत सिंह, लाला लाजपत राय, राजगुरु और सुखदेव जैसे महान शहीदों के योगदान को भी भावपूर्ण ढंग से दर्शाया गया। प्रतिभागी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों में उत्साह एवं जोश भर दिया। सम्मेलन में लगभग 20 संस्थाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के उपरांत भंडारे की भी व्यवस्था की गई।