शिमला, 16.02.26-: सर्वदलीय बैठक सम्पन्न होने के उपरान्त इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि सर्वदलीय बैठक जिसमें सिर्फ दो ही दल है की बैठक आज सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री हि0प्र0 हर्षवर्धन चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष, जय राम ठाकुर, उप-मुख्य सचेतक हि0प्र0 सरकार, केवल सिंह पठानियां तथा भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक, सुख राम चौधरी उपस्थित थे। पठानियां ने कहा कि बैठक में आज राज्यपाल महोदय के अभिभाषण के अलावा आज के दिन के लिए प्रस्तावित विधायी कार्यसूची पर चर्चा की गई तथा दोनों दल के प्रतिनिधियों ने इस पर अपनी-अपनी राय रखी।
बैठक के दौरान विधान सभा अध्यक्ष ने दोनों दलों के माननीय सदस्यों से सत्र संचालन में रचनात्मक सहयोग देने की अपील की है तथा सदन के समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े विषयों को उठाने, चर्चा करने तथा उस पर सही निर्णय पाने का आग्रह किया है। पठानियां ने कहा कि वह सभी सदस्यों को सार्थक चर्चा के लिए भरपूर समय देंगे तथा प्रतिपक्ष अपनी जिम्मेवारी निभाते हुए सत्तापक्ष से जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रश्न पूछे और सरकार का भी यह दायित्व है कि वह प्रतिपक्ष द्वारा पूछे गए प्रश्नों तथा सूचनाओं का समयवद्व तथा तथ्यपूर्ण जवाब दे।
पठानियां ने कहा कि अभी इस बजट सत्र की 16 से 18 फरवरी, 2026 तक 3 दिनों की बैठकों की अधिसूचना जारी की गई है तथा आवश्यकतानुसार इसे बढ़ाया भी जा सकता है।