चंडीगढ़-24.03.26-:वार्ड संख्या 23 की पार्षद प्रेमलता ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम द्वारा अप्रैल 2026 से पानी, सीवरेज और कम्युनिटी सेंटर के टैरिफ में की गई भारी बढ़ोतरी की कड़े शब्दों में निंदा की है।
प्रेमलता ने कहा, एक तरफ चंडीगढ़ की जनता पहले ही केंद्र सरकार की नीतियों के कारण बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन और नगर निगम द्वारा मूलभूत सुविधाओं के दाम बढ़ाना जनता पर सीधा अत्याचार है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अस्थिरता और गलत विदेश नीति के कारण पहले ही तेल और गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे आम आदमी की कमर टूट चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि अप्रैल का महीना वैसे भी मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि बच्चों के स्कूल एडमिशन और किताबों का भारी खर्च सामने होता है। ऐसे समय में पानी और सीवरेज जैसी अनिवार्य सेवाओं के रेट बढ़ाना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।
पार्षद प्रेमलता ने प्रशासन से मांग की है कि इस जनविरोधी प्रस्ताव को तत्काल वापस लिया जाए ताकि शहर की जनता को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह फैसला वापस नहीं लिया गया, तो वे जनता के साथ मिलकर इसका पुरजोर विरोध करेंगी।