सभी एसडीएम को नियुक्त किया निर्वाचन अधिकारी
हमीरपुर 18 अप्रैल। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी सामान्य निर्वाचन के संचालन और निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया के दौरान चुनाव संबंधी कर्तव्यों के निर्वहन के लिए जिला के पांचों उपमंडलों के एसडीएम को उनके अपने-अपने उपमंडलों के निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त ने सभी एसडीएम को पंचायत एवं वार्ड स्तर पर निर्वाचन के संचालन हेतु सहायक निर्वाचन अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए भी प्राधिकृत किया है। इसके अलावा सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने खंड का प्राधिकृत अधिकारी बनाया गया है।
एक अन्य आदेश जारी करते हुए उपायुक्त ने सभी एसडीएम को उनके उपमंडलों के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्डों के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी और पंचायत समिति के लिए निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। पंचायत समिति के निर्वाचन के संचालन के लिए भी एसडीएम को सहायक निर्वाचन अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए भी प्राधिकृत किया गया है।