नगर निकाय चुनाव के दृष्टिगत डीसी बिलासपुर ने नगर परिषद कार्यालय का किया निरीक्षण, चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बिलासपुर, 23 अप्रैल: स्थानीय नगर निकाय चुनाव 2026 की घोषणा के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज नगर परिषद कार्यालय बिलासपुर का निरीक्षण कर चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम तथा काउंटिंग सेंटर सहित चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी वर्षा चैधरी के साथ पूर्व में आयोजित नगर निकाय चुनावों की कार्यप्रणाली और अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की तथा इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि चुनाव से जुड़े प्रत्येक चरण में सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए, ताकि किसी प्रकार की कमी की गुंजाइश न रहे।
उपायुक्त ने बताया कि नगर परिषद बिलासपुर में कुल 11 वार्ड हैं, जिनमें से 6 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। नगर परिषद क्षेत्र में कुल 9,548 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 4,705 पुरुष तथा 4,843 महिला मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 1 में 735 मतदाता (365 पुरुष, 370 महिला), वार्ड 2 में 921 मतदाता (450 पुरुष, 471 महिला), वार्ड 3 में 826 मतदाता (403 पुरुष, 423 महिला), वार्ड 4 में 735 मतदाता (357 पुरुष, 378 महिला), वार्ड 5 में 1,143 मतदाता (582 पुरुष, 561 महिला), वार्ड 6 में 805 मतदाता (393 पुरुष, 412 महिला), वार्ड 7 में 608 मतदाता (286 पुरुष, 322 महिला), वार्ड 8 में 945 मतदाता (460 पुरुष, 485 महिला), वार्ड 9 में 873 मतदाता (441 पुरुष, 432 महिला), वार्ड 10 में 719 मतदाता (353 पुरुष, 366 महिला) तथा वार्ड 11 में 1,238 मतदाता (615 पुरुष, 623 महिला) पंजीकृत हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में हुए नगर निकाय चुनाव में नगर परिषद बिलासपुर में लगभग 68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस बार जिला प्रशासन का प्रयास मतदान प्रतिशत को बढ़ाकर लगभग 80 प्रतिशत तक पहुंचाने का है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही हैं।
====================================
नगर परिषद बिलासपुर के सामान्य निर्वाचन, 2026 के लिए मतदान केंद्र अधिसूचित
बिलासपुर, 23 अप्रैल: राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश के जारी निर्देशों के अनुपालन में नगर परिषद बिलासपुर के सामान्य निर्वाचन, 2026 के दृष्टिगत विभिन्न वार्डों के लिए मतदान केंद्र अधिसूचित कर दिए गए हैं।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बिलासपुर सदर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार वार्ड एक निहाल के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (कन्या) बिलासपुर, वार्ड दो स्टेडियम के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (छात्र) बिलासपुर, वार्ड तीन रौड़ा के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला रौड़ा तथा वार्ड चार गुरुद्वारा के लिए एम.सी. रेस्ट हाउस बिलासपुर को मतदान केंद्र बनाया गया है।
इसी तरह जहां वार्ड पांच मुख्य बाजार के लिए किसान भवन बिलासपुर, वार्ड छह कोसरियां के लिए डिग्री कॉलेज बिलासपुर, वार्ड सात चंगर के लिए राजकीय माध्यमिक पाठशाला चंगर तथा वार्ड आठ श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के लिए राजकीय माध्यमिक पाठशाला डियारा को मतदान केंद्र अधिसूचित किया गया है तो वहीं वार्ड नौ टाउन हॉल के लिए नगर परिषद कार्यालय बिलासपुर, वार्ड दस धोलरा के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय डियारा तथा वार्ड ग्यारह लखनपुर के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला लखनपुर को मतदान केंद्र निर्धारित किया गया है।
इसके अतिरिक्त नगर परिषद कार्यालय बिलासपुर के कम्युनिटी हाॅल को मतगणना केंद्र जबकि नगर परिषद के रैहन बसेरा के कमरा नम्बर-एक को स्ट्रांग रूम अधिसूचित किया गया है।
===========================================