कोल डैम परियोजना के प्राथमिकता क्षेत्र में 12 मकानहीन परिवारों को होगा प्लाट आवंटन
पात्र परिवार निर्धारित प्रपत्र भरकर जल्द प्रस्तुत करें अपना आवेदन
बिलासपुर, 09 जून: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि कोलडैम परियोजना में भू-अधिग्रहण के कारण मकानहीन हुए 12 परिवारों को प्लाट का आवंटन किया जाना है। उन्होंने बताया कि यह प्लाट का आवंटन हिमाचल राज्य विद्युत परिषद एवं एनटीपीसी के मध्य 20 फरवरी, 2000 को हुए अनुबंध के तहत पुनर्वास के लिए 50 फीट गुणा 40 फीट प्लाट दिये जाने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पुनर्वास कालोनी जमथल (सेड़पा) में प्राथमिकता के आधार पर गांव हरनोड़ा, बोहट तथा कसोल के 12 मकानहीन परिवारों को यह प्लाट आवंटन किया जाना है। उन्होंने ऐसे सभी पात्र 12 परिवारों जिनमें गांव कसोल के सुंदर राम सुपुत्र किरपा राम, थुनिया राम सुपुत्र किरपा राम, राम लाल सुपुत्र छंडू, प्रेम सिंह सुपुत्र अच्छरा, मस्त राम सुपुत्र काहनू, छोटा राम सुपुत्र काला, सुभाष सुपुत्र परस राम, संतोष कुमारी सुपुत्री जय कृष्ण, निक्की देवी सुपुत्री लाला राम, गांव बोहट के तिलक राज सुपुत्र थुनिया राम, बाबू राम सुपुत्र किरपा राम, चमयोण गांव के दया राम सुपुत्र जोती शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यह सभी 12 पात्र परिवार प्लाट आवंटन के लिए निर्धारित प्रपत्र फार्म-ए को भरकर पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना कार्यालय, उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं ताकि प्लाट आवंटन की प्रक्रिया को शुरू किया जा सके। इसके अतिरिक्त प्राथमिकता क्षेत्र में आने वाले इन मकानहीन परिवारों को प्लाट आवंटन नियम के प्रावधान के अंतर्गत पंजीकृत पत्र के माध्यम से भी सूचित किया जा रहा है।
==============================================
27 जून को होगी नवनिर्वाचित ग्राम पंचायतों की पहली बैठक, प्रधान दिलाएंगे पंचायत सदस्यों को शपथ
बिलासपुर 09 जून: जिला में आगामी 27 जून को नवनिर्वाचित ग्राम पंचायतों की प्रथम बैठक निर्धारित की गई है। इस सम्बन्ध में एक आदेश जारी करते हुए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज सामान्य नियम 1997 के नियम 22 के अनुसार इस दौरान सम्बन्धित ग्राम पंचायत प्रधान द्वारा पंचायत के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।
================================================
हिमाचली युवाओं को विदेश में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर
संयुक्त अरब अमीरात में जनरल/फैक्ट्री हेल्पर की होगी भर्ती, 12 जून तक करें ऑनलाइन पंजीकरण
बिलासपुर, 09 जून: जिला रोजगार अधिकारी बिलासपुर राजेश मेहता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एच.पी.एस.ई.डी.सी.) के माध्यम से प्रदेश के 10वीं पास युवाओं को विदेश में रोजगार का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की किंग्सटन होल्डिंग कंपनी में जनरल हेल्पर/फैक्ट्री हेल्पर के विभिन्न पद भरे जा रहे है तथा चयनित अभ्यार्थियों की नियुक्ति दुबई में की जाएगी। इन पदों के इच्छुक आवदेनकर्ता 12 जून तक ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते है।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। साथ ही आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष के मध्य तथा अंग्रेजी भाषा का सामान्य ज्ञान होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को 1375 एईडी मासिक वेतन दिया जाएगा, जिसमें ओवरटाईम भी शामिल है। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा आवास सुविधा, चिकित्सा भत्ता तथा प्रत्येक दो वर्ष में हवाई टिकट भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बिना वैध पासपोर्ट वाले उम्मीदवारों को भर्ती में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी। चयनित उम्मीदवारों को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के दिशा निर्देशानुसार 30 हजार रुपये सेवा शुल्क सहित 18 प्रतिशत जीएसटी तथा चिकित्सा शुल्क के रूप में 15 सौ रुपये देने होंगे।
इस बारे अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के दूरभाष नम्बर 01978-222450 पर किसी भी कार्य दिवस को संपर्क किया जा सकता है।