आपात परिस्थितियों और अन्य अभियानों में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं आपदा मित्र : गंधर्वा राठौड़
दियोटसिद्ध के चैत्र मास मेलों के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले आपदा मित्रों को दिए सर्टिफिकेट
हमीरपुर 22 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने कहा है कि जिला में आपदा मित्रों के रूप में प्रशिक्षित किए गए युवा आपात परिस्थितियों के अलावा यातायात प्रबंधन, नशा निवारण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और कई अन्य अभियानों में भी बहुत बड़ी भूमिका अदा कर सकते हैं।
दियोटसिद्ध के चैत्र मास मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रूप से तैनात किए गए आपदा मित्रों के लिए वीरवार को यहां हमीर भवन में आयोजित प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि आपदा मित्रों को इन सभी अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आपदा मित्र योजना का मुख्य उद्देश्य समाज में ऐसे प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैयार करना है जोकि अपने-अपने क्षेत्रों में किसी भी तरह की आपात परिस्थिति में रेस्क्यू टीमों के पहुंचने से पहले बचाव एवं राहत कार्य आरंभ कर सकें। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी तरह की आपदा के समय बचाव दलों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोग ही सबसे पहले मौके पर पहुंचते हैं। इसके मद्देनजर ही जिले भर में युवाओं को आपदा मित्रों के रूप में प्रशिक्षित किया गया है।
दियोटसिद्ध के चैत्र मास मेलों के दौरान आपदा मित्रों की भूमिका की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले में नशा मुक्त अभियान, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण अभियान और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी आपदा मित्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर डीडीएमए की प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण प्रभारी समीक्षा शर्मा, जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के प्रभारी भानु शर्मा, स्वयंसेवी संस्था एडूकेयर के अधिकारी गुरजीत सिंह भुल्लर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
=========================================
अणु के ग्राउंड में 26 सितंबर से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती रैली
डीसी गंधर्वा राठौड़ ने भर्ती रैली के प्रबंधों को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक
लगभग 4571 युवाओं का होगा ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
हमीरपुर 23 जुलाई। थल सेना में अग्निवीर भर्ती के तहत विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास करने वाले युवाओं के ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया हेतु अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कालेज परिसर में 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने जिला प्रशासन के सहयोग से इस भर्ती रैली की तैयारियां आरंभ कर दी हैं। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को यहां हमीर भवन में थल सेना भर्ती कार्यालय और जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके इस रैली की तैयारियों की समीक्षा की।
उपायुक्त ने कहा कि इसी वर्ष मार्च में भी यहीं पर भर्ती रैली आयोजित की जा चुकी है। इसलिए, सभी संबंधित अधिकारी पिछली रैली के अनुभव के आधार सभी आवश्यक प्रबंध करें। उन्होंने बताया कि इस बार जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों के अभ्यर्थियों के अलावा क्लर्क श्रेणी की भर्ती में प्रदेश के अन्य जिलों के युवाओं को भी बुलाया गया है, जिससे अभ्यर्थियों की संख्या लगभग 4571 होगी। यानि प्रत्येक दिन लगभग 550 युवाओं का ग्राउंड टेस्ट होगा। यह प्रक्रिया 4 अक्तूबर को समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। मौसम खराब रहने की स्थिति के लिए 5 और 6 अक्तूबर को रिजर्व दिन रखे गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए आने वाले सेना के लगभग 200 अधिकारियों एवं सैनिकों के रहने की व्यवस्था भी करनी होगी।
उपायुक्त ने रैली स्थल पर बिजली, पानी, अग्निशमन, शौचालय एवं सफाई, मेडिकल, इंटरनेट, कंप्यूटर्स-प्रिंटर्स और अन्य सुविधाओं तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए शिक्षा विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों से भी अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। पात्र उम्मीदवारों की मैदान में एंट्री तड़के से ही शुरू हो जाएगी। इस दौरान बस सेवाएं उपलब्ध करवाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा अपनी शारीरिक क्षमता एवं प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाइयों के प्रयोग और रैली स्थल के आस-पास संदिग्ध लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। उपायुक्त ने सीएमओ से कहा कि वे इस संबंध में सभी दवा विक्रेताओं को भी विशेष दिशा-निर्देश जारी करें।
बैठक में सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने भर्ती रैली और इससे संबंधित विभिन्न प्रबंधों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। एसपी बलवीर सिंह, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह, सहायक आयुक्त रजत चौधरी और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
============================================
6 को हमीरपुर में भी उत्साह के साथ मनाया जाएगा कारगिल विजय दिवस
हमीरपुर 23 जुलाई। कारगिल विजय दिवस रविवार को हमीरपुर में भी पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा तथा शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके कारगिल विजय दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा पार्क एवं निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के परिसर में आयोजित किए जाने वाले जिला स्तरीय समारोह में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और नगर निगम के अधिकारियों को आयोजन स्थल पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों को इस समारोह में अधिक से अधिक भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों और उनके परिजनों को आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वॉड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने समारोह की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह, थल सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह, सहायक आयुक्त रजत चौधरी, होमगार्ड्स के कमांडेंट लेफ्टिनेंट कमांडर (सेवानिवृत्त) विनय कुमार और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
=====================================================
हमीरपुर में आंगनवाड़ी के 9 पदों के लिए आवेदन 3 अगस्त तक
हमीरपुर 23 जुलाई। बाल विकास परियोजना हमीरपुर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 9 पदों के लिए पात्र महिलाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 3 अगस्त तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय हमीरपुर मंे आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत बस्सी झनियारा के आंगनवाड़ी कंेद्र मुहान और नगर निगम क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-7ए में कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा। जबकि, नगर निगम क्षेत्र हमीरपुर के आंगनवाड़ी केंद्रों एमसीडब्ल्यू-7ए, एमसीडब्ल्यू-11ए और एमसीडब्ल्यू-11सी, जंगल रोपा पंचायत के जंगल और हार-2 नाल्टी पंचायत के डकोहल और बस्सी झनियारा पंचायत के छबोट घिरथां में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा।
इन पदों के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। वह कम से कम बारहवीं पास हो और सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय पचास हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद हेतु यदि कोई कार्यरत आंगनवाड़ी सहायिका आवेदन करती है तो ऐसी स्थिति में आवेदक को आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में मिलने वाले मानदेय की गणना परिवार की वार्षिक आय में नहीं की जाएगी।
इन पदों के लिए साक्षात्कार 6 अगस्त को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में होंगे। इस संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय हमीरपुर में या दूरभाष नंबर 01972-225642 पर संपर्क किया जा सकता है।