चंडीगढ़, 12 अक्टूबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा के पिहोवा, लाडवा, इस्माइलाबाद, चीका, कैथल सहित अनेक क्षेत्रों में बारिश के कारण मंडियों में पड़ी किसानों की फसल खराब होने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार की लापरवाही का खामियाजा प्रदेश का किसान बार-बार भुगत रहा है। हर बार बारिश किसानों की मेहनत पर पानी फेर देती है, लेकिन सरकार पिछली घटनाओं से सबक लेने और पुख्ता इंतजाम करने के बजाय मूकदर्शक बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि किसान कई महीनों तक दिन-रात मेहनत करके अपनी फसल तैयार करता है। बीज, खाद, डीजल, सिंचाई और मजदूरी पर अपनी जमा-पूंजी खर्च करता है, लेकिन जब फसल बेचने का समय आता है तो मंडियों में सरकार की अनदेखी के कारण होने वाली अव्यवस्थाओं और बारिश से उसकी मेहनत बर्बाद हो जाती है। बीजेपी सरकार रैलियों पर करोड़ो रूपए लुटा रही है लेकिन मंडियों में फसल को बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त तिरपाल, शेड, जल निकासी और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करने की बात आती है तो बीजेपी सरकार खजाने में पैसे न होने का बहाना बना लेती है। किसान की फसल बचाने की सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। सरकार किसानों को भाषणों और घोषणाओं से राहत नहीं दे सकती। किसानों को उनकी खराब हुई फसल का उचित मुआवजा मिलना चाहिए और नुकसान का निष्पक्ष आकलन तत्काल कराया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रभावित मंडियों में अधिकारियों की टीमें भेजकर नुकसान का सर्वे कराया जाए, किसानों को बिना देरी मुआवजा दिया जाए तथा खरीद और उठान की प्रक्रिया तेज की जाए। उन्होंने कहा कि इनेलो किसानों के साथ खड़ी है और मांग करती है कि सरकार बहानेबाजी छोडक़र तत्काल राहत दे तथा भविष्य में ऐसी बर्बादी रोकने के लिए मंडियों में स्थायी और पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करे।