चंडीगढ़, 15 अक्टूबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की मंडियों में धान की खरीद में देरी, बारिश से फसल को हो रहे नुकसान और किसानों को पेश आ रही परेशानियों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान छह महीने तक खेतों में मेहनत करता है, अपनी जमा-पूंजी लगाता है और कर्ज लेकर फसल तैयार करता है, लेकिन जब उसकी उपज बेचने का समय आता है तो उसे मंडियों में परेशान किया जाता है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हालिया बारिश के कारण खेतों में खड़ी और मंडियों में खुले में पड़ी धान की फसल को बहुत नुकसान पहुंचा हैं। खरीद में देरी और फसल के उठान की धीमी गति के कारण किसान दुखी है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल हर दाना खरीदने के दावे करने के बजाय यह सुनिश्चित करे कि किसान की फसल समय पर खरीदी जाए, उसका उठान हो और भुगतान निर्धारित समय में मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का दावा करती है, लेकिन किसान का बाजरा एमएसपी पर नहीं खरीद रही। जिसके कारण किसान को अपने बाजरे की फसल को सस्ते दामों पर बेचना पड़ रहा है। बाजरे का घोषित एमएसपी 2,900 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि मंडियों में किसानों को 1800-1900 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है। अभय सिंह चौटाला ने मांग की कि बारिश से प्रभावित खेतों और मंडियों में रखी फसल का तत्काल सर्वे करवाया जाए, प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, मंडियों में तिरपाल और भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था हो तथा धान की खरीद और उठान में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने के बजाय समय पर राहत मिलनी चाहिए।