हमीरपुर 25 अक्तूबर। ग्रामीण क्षेत्र के एक सामान्य परिवार की होनहार प्रतिभाशाली एथलीट की मदद करके राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने विशेष पहल की है।
सुनील शर्मा बिट्टू ने हाल ही में अंडर-23 नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर की दौड़ में रजत पदक जीतने वाली गांव भीड़ा की प्रतिभाशाली एथलीट राशि के घर पहुंच कर उन्हें इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी और विशेष रूप से सम्मानित भी किया। सुनील शर्मा बिट्टू ने राशि का उत्साहवर्द्धन करते हुए प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
राशि के पिता सुरेंद्र कुमार का देहांत हो चुका है और उसकी माता सुषमा देवी जैसे-तैसे अपनी प्रतिभाशाली बेटी की कोचिंग एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी का खर्चा वहन कर रही है।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें वर्ल्ड क्लास सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कई सराहनीय निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से भी ऐसे जरुरतमंद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की आर्थिक मदद की है।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि गांव भीड़ा की राशि की भी भरपूर मदद की जाएगी, ताकि वह राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम ऊंचा कर सके।