धर्मशाला:19.11.26- तपोवन विधान सभा में चल रहे 14वीं विधान सभा के 13वें सत्र की चौथे दिन की कार्यवाही देखने आए जिला काँगड़ा तथा जिला चम्बा के विभिन्न स्कूलों के छात्र – छात्राओं से रूबरू होने के बाद वहाँ मौजूद विभिन्न चैनलों के संवाददाताओं से बातचीत करते हुए विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि उनका लक्ष्य विधान सभा की कार्यवाही को समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुँचाने का है ताकि वह इस प्रणाली से रूबरू हो सकें तथा यह जान सकें कि उनके द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि प्रदेश तथा देश हित में क्या सोच रखते हैं तथा किन विषयों को प्राथमिकता दी जा रही है तथा उनका लोकतांत्रिक प्रणाली में विश्वास बना रहे।
गौरतलब है कि आज जिला चम्बा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडू तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुलेल एवं सैनिक स्कूल सुजानपुर जिला हमीरपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धीरा जिला काँगड़ा तथा ए0 टी0 सी0 टॉपर शाहपुर सहित लगभग 300 छात्र – छात्राओं ने विधान सभा की कार्यवाही देखी तथा विधान सभा अध्यक्ष से उनके कार्यालय कक्ष के बाहर गेट नं0 2 पर शिष्टाचार भेट की।
भेंट के दौरान विधान सभा अध्यक्ष ने सभी स्कूली छात्र – छात्राओं से अलग – अलग मुलाकात की तथा देश में प्रचलित संसदीय प्रणाली बारे अवगत करवाया। उन्होने कहा कि जिस तरह आज के युवा तथा छात्र – छात्राएँ सदन की कार्यवाही देखने में रूचि ले रहे हैं वह समझ सकते हैं कि हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली मजबुती के साथ आगे बढ़ रही है तथा सशक्त लोकतंत्र ही सुशासन का आधार है। संवाद के दौरान पठानियां ने कहा कि लोक सभा तथा विधान सभा लोकतन्त्र के सबसे बड़े मन्दिर हैं। लोक सभा के लिए जब सांसद सदस्य चुनकर जाते हैं तो वे मिलकर लोक सभा का गठन करते हैं। जिस दल के पास बहुमत होता है वह केन्द्र में सरकार का गठन करता है। सबसे बड़ा दल जिनके पास सरकार बनाने का पर्याप्त बहुमत होता है सबसे पहले अपने नेता का चुनाव करता है तथा वह देश का प्रधानमंत्री बनता है। उसके बाद मंत्री परिषद का गठन होता है जबकि राज्य सभा के सदस्य का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से विधान सभा सदस्यों द्वारा किया जाता है। वर्तमान में लोक सभा सदस्यों की कुल संख्या 543 है जबकि राज्य सभा सदस्यों की कुल संख्या 245 हैं। जिसमें से 233 सदस्य भारत के राज्य तथा केन्द्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करते हैं जबकि 12 सदस्यों को भारत के राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किया जाता है। पठानियां ने कहा कि लोक सभा का कार्यकाल 5 वर्षों का होता है तथा राज्य सभा सदस्यों का कार्यकाल 6 वर्षों का होता है। राज्य सभा उपरी सदन जबकि लोक सभा निचला सदन कहलाता है।
पठानियां ने कहा कि विधान सभा सदस्यों का चुनाव सीधा जनता द्वारा किया जाता है। विधान सभा सदस्य जब चुनकर आते हैं तो मिलकर विधान सभा का गठन करते हैं तथा जिस दल के पास बहुमत होता है वह सरकार का गठन करता है। उन्होने कहा कि कानून बनाने का अधिकार केवल लोक सभा तथा विधान सभा के पास है।