धर्मशाला:20.11.26- आज दिनांक 20 नवम्बर,2026 को अपराह्न 2:00 बजे निर्वासित तिबतियन संसद के प्रतिनिधिमण्डल ने स्पीकर डोलमा सेरिंग की अध्यक्षता में हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से अपराह्न 2:00 बजे उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की ।
प्रतिनिधिमण्डल में निर्वासित तिबतियन संसद के सांसद सदस्य यूंचोक चोडोन, टेन्पा यारफोल, लोपोन थूबन, गेशे हरांपा, गेशे अतोंग रिंचन, चोडक ग्यात्सो तथा यालसन चोकिये शामिल थे। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमण्डल में निर्वासित तिबतियन संसद के वरिष्ठ अधिकारी सेतन कलसांग, तेनजिन पल्जोर, ग्यात्सन गोंपो तथा तेनजिन पाल्दन भी शामिल थे। इस अवसर पर निर्वासित तिबतियन संसद की स्पीकर डोलमा सेरिंग ने विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां को पवित्र खाता तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक संजय रत्न भी मौजूद थे जिन्हें भी खाता भेंट किया।
विधान सभा अध्यक्ष के साथ शिष्टाचार भेंट से पूर्व प्रतिनिधिमण्डल ने विशिष्ट दीर्घा से सदन की कार्यवाही को देखा । विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने अपने आसन से शिष्टमण्डल के सदस्यों का नाम सहित उल्लेख करते हुए सदन में मौजूद सदस्यों को उनकी उपस्थिति बारे जानकारी दी।
शिष्टाचार भेंट के दौरान विधान सभा अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों से पूछा कि उन्हे सदन की कार्यवाही कैसे लगी पर अपना जवाब देते हुए स्पीकर डोलमा ने कहा कि हालांकि प्रतिपक्ष के सदस्य सदन के अन्दर अपना रोष व विरोध कर रहे थे फिर भी आप मुस्करा कर शांत स्वभाव से सत्र का संचालन कर रहे थे यही आज की सबसे बड़ी सीख है। पठानियां ने कहा कि सदन में सदस्य चर्चा भी करते हैं विरोध भी करते हैं तथा सुझाव भी देते हैं यह उनका अधिकार है।
पठानियां ने कहा कि उनका कार्य सदन को निर्विघ्न चलाना है जिस पर कई बार सख्त भी होना पड़ता है लेकिन हि0प्र0 विधान सभा की अपनी गरिमा है और सभी सदस्य इससे वाकिफ भी हैं। हि0प्र0 विधान सभा के सभी सदस्य परिपक्व हैं वह हमेशा सदन की गरिमा का सम्मान करते आए हैं। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने शिष्टमण्डल के सदस्यों से महामहिम दलाई लामा का कुशलक्षेम भी पूछा तथा हि0प्र0 विधान सभा की कार्य-प्रणाली तथा क्रिया- क्लापों बारे भी अवगत करवाया।
इस अवसर पर शिष्टमण्डल के सदस्यों ने सदन की कार्यवाही को देखने की अनुमति प्रदान करने के लिए विधान सभा अध्यक्ष को धन्यवाद दिया तथा सदन संचालन की उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की।