धर्मशाला, 20 नवंबर: पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण के तत्वावधान एवं मार्गदर्शन तथा राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के सौजन्य से वीरवार को होटल डी-पोलो, धर्मशाला में एनपीएस संचय योजना को लेकर आउटरीच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के प्रधान वित्त सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर अग्रणी बैंक जिला कांगड़ा पीएनबी से पृथ्वी रणवीर एवं राज्य स्तरीय बैंकर समिति यूको बैंक के अंचल प्रमुख कमल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) की विभिन्न विशेषताओं, निवेश के विकल्पों, योजना से जुड़ने की प्रक्रिया तथा वृद्धावस्था में आर्थिक आत्मनिर्भरता और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।
डॉ. अभिषेक जैन ने कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय नियोजन और नियमित बचत के माध्यम से भविष्य की आर्थिक जरूरतों को सुरक्षित करना बेहद आवश्यक है। विशेषकर किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और असंगठित क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए पेंशन योजनाओं की जानकारी और इनसे जुड़ने के अवसर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पेंशन एवं दीर्घकालिक वित्तीय नियोजन के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा के लिए उपलब्ध विकल्पों से जोड़ना है।
विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को एनपीएस के माध्यम से दीर्घकालिक बचत एवं निवेश की संभावनाओं से अवगत करवाते हुए योजना की कार्यप्रणाली और उपलब्ध विकल्पों के बारे में भी विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों को पेंशन व्यवस्था से जोड़ना समय की आवश्यकता है, ताकि उन्हें सेवानिवृत्ति अथवा वृद्धावस्था के दौरान नियमित आर्थिक सुरक्षा प्राप्त करने की दिशा में सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण की ओर से शुभम खंडेलवाल, डॉ. ऋत्विक भावसार और रघुवीर सिंह चरण ने भी विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में भाग लिया। इसके अतिरिक्त नाबार्ड से हिमांशु साहू, कृषि विभाग से अशोक तथा बागवानी विभाग से डॉ. राजकुमारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त किसानों, ग्रामीण उद्यमियों, वित्तीय साक्षरता समूहों के प्रतिनिधियों तथा कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को योजना से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।
इस दौरान मौके पर ही योजना से जुड़ने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे लोगों को मौके पर ही नामांकन का अवसर प्राप्त हुआ।