हमीरपुर 28 नवंबर। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल दे रहे हैं मुख्यमंत्री : सुनील शर्मा बिट्टू
अपने उत्पादों की ऑनलाइन माध्यम से भी मार्केटिंग कर सकती हैं ग्रामीण महिलाएं
ब्राहलड़ी में तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम के समापन पर महिलाओं से की अपील

हमीरपुर 28 नवंबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई नई योजनाएं आरंभ की हैं और इन योजनाओं के बहुत ही अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं।

शनिवार को ग्राम पंचायत ब्राहलड़ी में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों के साथ संवाद के दौरान सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती से तैयार होने वाली हल्दी, गेहंू, मक्की और अन्य फसलों के लिए अलग से उच्च समर्थन मूल्य घोषित करके किसानों-बागवानों को बहुत बड़ी सौगात दी है। उन्होंने दूध के मूल्य में भी ऐतिहासिक वृद्धि करके पशु पालकों की आय बढ़ाने की दिशा में बहुत बड़ा कदम बढ़ाया है। एचपीशिवा परियोजना के माध्यम से प्रदेश के निचले क्षेत्रों में फल उत्पादन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इन प्रयासों से प्रदेश के निचले इलाकों के किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आर्थिकी में बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद की जा रही है। इसी कड़ी में, ब्राहलड़ी में तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अपने घरेलू उत्पादों को स्थानीय बाजारों में बेचने के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफार्मों के माध्यम से भी इनकी मार्केटिंग कर सकती हैं। इसमें ग्रामीण विकास विभाग के अलावा एपीएमसी और अन्य विभाग भी महिलाओं की काफी मदद कर सकते हैं।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वह लगातार गांव-गांव का दौरा कर रहे हैं। ब्राहलड़ी क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए गन्ने की पेराई की मशीन भी लगाई गई है। क्षेत्र की अन्य मांगों एवं समस्याओं को भी वह मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे।

इस अवसर पर बीडीओ रजत चौधरी ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता, बेहतर मार्केटिंग एवं पैकेजिंग की विस्तृत जानकारी दी गई। ऑनलाइन मार्केटिंग के बारे में उन्हें विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, अन्य नेता, स्थानीय पंचायत प्रधान, अन्य जनप्रतिनिधि, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारी और प्रतिभागी महिलाएं भी उपस्थित थीं।