अयोध्या/ दिल्ली/ हिमाचल प्रदेश-01 मई 2024, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज अयोध्या धाम पहुंचकर दिव्य और भव्य राम मंदिर में विराजमान श्री राम लला का दर्शन और पूजन कर समस्त देशवासियों के सुख एवं समृद्धि की कामना की। श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि वे और आज की पीढ़ी सौभाग्यशाली हैं कि उनके जीवन काल में 500 वर्षों के संघर्ष के बाद श्री राम लला को अपने धाम में विराजमान होते देखने का सौभाग्य मिला है।

मौजूद मीडिया कर्मियों द्वारा कांग्रेस के ऊपर एक सवाल के प्रतिक्रिया में श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि “कांग्रेस वह पार्टी है जिसने हमारे आराध्य प्रभु श्री राम के अस्तित्व को स्वीकारने से इनकार किया था। राम मंदिर ना बने इसके लिए उन्होंने कोर्ट में वकीलों की फौज खड़ी की थी। उनके कुछ नेता तो वहां पर पुनः बाबरी मस्जिद के निर्माण के पक्षधर हैं। इसीलिए न्यास द्वारा आमंत्रण मिलने पर भी कांग्रेस का कोई नेता प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नजर नहीं आया। श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के लोग वोट बैंक के लिए चाहे कितनी भी चादर चढ़ा लें पर आना उनको प्रभु श्रीराम के चरणों में ही पड़ेगा। जो प्रभु श्री राम को लाए हैं, जनता उन्हें ही लाएगी”

श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सदैव ओछी राजनीति करती है। इससे पहले जब अपने कौशल के दम पर अनुसूचित जाति से आने वाले आदरणीय श्री रामनाथ कोविंद जी देश के राष्ट्रपति बने थे और आज जब अनुसूचित जनजाति से आने वाली आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी देश की राष्ट्रपति हैं तब भी कांग्रेस ने इनका अपमान किया। जब न्यास के अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि पूर्व राष्ट्रपति और वर्तमान राष्ट्रपति दोनों को निमंत्रण गया था तब कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी जी द्वारा इस पर घटिया राजनीति करना शर्मनाक है।"

श्री अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि कांग्रेस कन्फ्यूज्ड और करप्ट पार्टी है। भ्रष्टाचार के दाग धोने हेतु उन्होंने यूपीए से अपना नाम बदलकर इंडी गठबंधन रखा पर उससे भी कोई फायदा होता नहीं दिख रहा क्योंकि जनता उनका असली चेहरा जानती है। और इसीलिए आप देखेंगे कि वह कई जगह लगातार अपने कैंडीडेट्स भी बदल रहे हैं।श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन लोकसभा चुनावों में जनता के सामने एक ओर नरेंद्र मोदी जी हैं जिनका 10 वर्षों का ट्रैक रिकॉर्ड सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का रहा है। हमारे ऊपर ₹10 के भ्रष्टाचार के भी आरोप नहीं हैं। और वहीं दूसरी ओर इंडी गठबंधन है जिसमें एक अनार है और 100 बीमार हैं। उनका ट्रैक रिकॉर्ड भ्रष्टाचार और अत्याचार का रहा है।"