चण्डीगढ़, 23.03.25- : डिवाइन लाइफ सोसाइटी,सेक्टर 29-ए में तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन 21 मार्च से 23 मार्च तक मनाया जा रहा है। सोसाइटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों डॉ. रमणीक शर्मा व संजीव आनंद ने ये जानकारी देते हुए बताया कि आज सवेरे 6 बजे प्रभात फेरी निकाली गई जिसमें ॠषिकेश से स्वामी अद्वैतानंद जी व स्वामी धर्मनिष्ठानंद जी महाराज एवं अन्य स्वामियों ने भाग लेकर सारा वातावरण भक्तिमय बना दिया। बाद में मन जीते जग जीत विषय पर आधारित आध्यात्मिक सम्मलेन में स्वामी अद्वैतानंद जी ने कहा कि मन जीते जग जीत श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शुरुआत में एक प्रार्थना है जिसे गुरु नानकदेव जी द्वारा रचित अमृतमयी वाणी जप जी महाराज से लिया गया हैं। इसके मुताबिक जब हम अपने मन को वश में कर लिया, तो समझो कि हमने दुनिया को जीत लिया। उनके मुताबिक मन अच्छा होने से तन सुधरता है। दूसरों को जीतने की इच्छा दुनिया के आरंभ से ही मनुष्य में बहुत तीव्र रही है। अहंकार की संतुष्टि के लिए मनुष्य दूसरे पर शासन करके अपनी इच्छा पूरी करने का व्यर्थ प्रयास करता है, चाहे वह सिकंदर हो या औरंगजेब या कोई आम आदमी। शासन करने या प्रभुत्व जमाने के लिए, अपने प्रतिद्वंद्वी से लड़ना पड़ता है और जीतना पड़ता है। बिना जीत के कोई राजा या बादशाह नहीं कहला सकता। फिर भी, दुनिया जीतने के बाद भी मन का लोभ और वासना कभी खत्म नहीं होती। अधिक से अधिक पाने की चाहत उसे बुरी तरह हरा देती है। जो व्यक्ति अपने मन से हार जाता है, वह मृत्यु के निकट आने पर पश्चाताप और पछतावे से भर जाता है।
अंतिम दिन 23 मार्च को स्पिरिचुअल कांफ्रेंस के दो सत्र सुबह 8.30 बजे व 10.45 बजे से होंगे। कार्यक्रम के उपरान्त भोज प्रसादम् बरताया जाएगा। सुबह 6.30 बजे से गाइडेड मैडिटेशन भी होगा।