कोल्ड स्टोर बनाएं, उद्यान विभाग देगा 50 प्रतिशत सब्सिडी
जिला में बढ़ रहा है फलों का उत्पादन, कोल्ड स्टोर होंगे फायदेमंद: उपनिदेशक
वर्ष 2025 में 2200 मीट्रिक टन तक पहुंच गया है फलों का उत्पादन

हमीरपुर 02 फरवरी। प्रदेश सरकार द्वारा उद्यान विभाग के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों से जिला हमीरपुर भी फल उत्पादन में अपनी पहचान बनाने लगा है। वर्ष 2025 के विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिला में बागवानी क्षेत्र बढ़कर लगभग 8100 हैक्टेयर और फल उत्पादन करीब 2200 मीट्रिक टन तक पहुंच गया है।
उद्यान विभाग के उपनिदेशक राजेश्वर परमार ने बताया कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना एचपीशिवा परियोजना और बागवानी तकनीकी मिशन के तहत जिला में मौसम्बी, संतरा, अमरूद, आम, लीची और अनार आदि फलों के पौधारोपण को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है। विभाग ने वर्ष 2030 तक जिला में फलों के अंतर्गत क्षेत्रफल को लगभग 9000 हैक्टेयर और उत्पादन लगभग 5000 मीट्रिक टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
उपनिदेशक ने बताया कि आने वाले समय में फल उत्पादन बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए जिला में कोल्ड स्टोरों की आवश्यकता भी महसूस होगी। इसके मद्देनजर बागवानों को अभी से ही कोल्ड स्टोरों के निर्माण के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। इनके निर्माण पर उद्यान विभाग 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान कर रहा है।
राजेश्वर परमार ने बताया कि जिला हमीरपुर में फलों का तुड़ान वर्षा ऋतु से शुरू होकर सर्दियों तक चलता है। पूरे जिले में एक ही समय अधिक उपज आने पर कई बार बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त नहीं हो पाता है और इन फलों के खराब होने पर बागवानों को भारी नुक्सान होता है। ऐसी परिस्थितियों में बागवान अपनी उपज को कोल्ड स्टोर में रख सकते हैं तथा इन्हें उपयुक्त समय पर बाजार में उतारकर अच्छे दाम हासिल कर सकते हैं। अगर कोई बागवान या उद्यमी बागवानी तकनीकी मिशन के अंतर्गत कोल्ड स्टोर बनाना चाहता है तो वह उद्यान विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकता है।
उपनिदेशक ने बताया कि जिला हमीरपुर में डिडवीं क्षेत्र के उद्यमी सुरेश कुमार और भिड़ा के विजयपाल कौशल ने 52-52 लाख रुपये की लागत से कोल्ड स्टोरेज इकाइयां स्थापित की हैं। इन इकाइयों पर उन्हें 26-26 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई है। दोनों इकाइयां सौर ऊर्जा से संचालित की जा रही हैं। उपनिदेशक ने जिला के बागवानों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

================================
राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की स्मारिका के लिए 15 तक भेजें लेख
सुजानपुर में इस बार एक से 4 मार्च तक मनाया जाएगा होली उत्सव

हमीरपुर 02 फरवरी। सुजानपुर में एक से 4 मार्च तक आयोजित किए जाने वाले राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की तैयारियां आरंभ हो चुकी हैं। उत्सव की आयोजन समिति इस बार भी उत्सव की स्मृतियों को चिरकाल तक संजोए रखने के उद्देश्य से एक स्मारिका प्रकाशित करवाएगी।
इस स्मारिका के लिए जिला हमीरपुर के लेखकों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों से लेख, कविताएं और अन्य रचनाएं आमंत्रित की गई हैं। जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल ने बताया कि ये रचनाएं 15 फरवरी तक जिला भाषा अधिकारी कार्यालय हमीरपुर की ईमेल डीएलओहमीरपुर520 एट द रेट जीमेल.कॉम dlohamirpur520@gmail.com पर भेजी जा सकती हैं।
इन लेखों, कविताओं या अन्य रचनाओं की विषय-वस्तु जिला हमीरपुर की लोक संस्कृति, राष्ट्र स्तरीय होली महोत्सव सुजानपुर और इनके सांस्कृतिक इतिहास से संबंधित होनी चाहिए। ये यूनिकोड फोंट में टंकित होनी चाहिए। उच्च स्तरीय रचनाओं को स्मारिका में प्रकाशित किया जाएगा।
================================
बड़ा में 10 पंचायतों की मेधावी बेटियों को किया सम्मानित
नादौन 02 फरवरी। ग्राम पंचायत बलडूहक, करंडोला प्लासी, पुतड़ियाल, रैल, बड़ा, फस्टे, चौड़ू, जीहण, सपड़ोह और बरधियाड़ की मेधावी छात्राओं जिन्होंने शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं, को सम्मानित करने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नादौन ने सोमवार को गांव बड़ा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत एक प्रेरणादायक संवाद शिविर आयोजित किया।
इस शिविर में बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग, वृत्त पर्यवेक्षक हर्ष बाला, अजय कुमार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, क्षेत्र की 30 लोकल चैंपियन बेटियों तथा उनके अभिभावकों ने भाग लिया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग ने इन प्रतिभाशाली बेटियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी तथा उनकी भविष्य की योजनाओं पर खुल कर चर्चा की।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने चैंपियन बेटियों से आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठोर परिश्रम करें। संजय गर्ग ने कहा कि आज लड़कियों को शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक व मानसिक रूप से भी आत्मनिर्भर बनना होगा, ताकि वे समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकेें। इस अवसर पर बाल विवाह रोकथाम अधिनियम तथा बाल मजदूरी प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में क्षेत्र की चैंपियन बेटियों नैंसी, मुस्कान, नैंसी धीमान, शगुन, नैंसी ठाकुर, प्राची, सुहानी, प्रगति परमार, स्नेहा, अकांक्षा, शानवी, सिमरन, पलक, श्रुति, इषिता, महक, श्वेता, सलोनी, विशाली, कोमल, धारवी, आशी, सरगम, कनवी कौर और सुहानी आदि को स्मृति चिह्न, नाम पट्टिका, मग, सेनीटेशन किट तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
==================================
मंडी के इतिहास, सामाजिक व धार्मिक विरासत से रूबरू कराएगी हेरिटेज वॉक
शिवरात्रि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन आयोजित होगी हेरिटेज वॉक

मंडी, 1 फरवरी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान पहली बार हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से लोगों को मंडी नगर की स्थापना की गौरवशाली यात्रा, प्राचीन मंदिरों, स्थापत्य कला, मूर्तिकला, सामाजिक संरचना तथा आध्यात्मिक विरासत से नजदीक से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। यह हेरिटेज वॉक महोत्सव अवधि में प्रतिदिन आयोजित की जाएगी।

अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह ने बताया कि हेरिटेज वॉक के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली गई है। वॉक के दौरान प्रतिभागियों को मंडी शहर की ऐतिहासिक धरोहरों, विशिष्ट स्थापत्य शैलियों तथा नगर के विकास क्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसके साथ ही प्रसिद्ध मंदिरों के इतिहास, उनसे जुड़ी मान्यताओं और निर्माण शैलियों से भी अवगत करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हेरिटेज वॉक के माध्यम से नगर के 300 से 500 वर्ष पुराने ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के मंदिरों के इतिहास, स्थापत्य विशेषताओं और सांस्कृतिक महत्ता को सामने लाया जाएगा। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मंडी की सांस्कृतिक पहचान को भी और मजबूती मिलेगी।

हिमाचल के हृदय स्थल में बसा मंडी नगर प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अद्वितीय संगम है। मंडी नगर को ‘छोटी काशी’ के रूप में जाना जाता है। यहां स्थित प्राचीन मंदिर नगर के वैभवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं तथा सदियों से आध्यात्मिक चेतना के केंद्र रहे हैं।

सोलहवीं शताब्दी में निर्मित त्रिलोकीनाथ मंदिर, पंचवक्त्र मंदिर, अर्धनारीश्वर मंदिर, बाबा भूतनाथ मंदिर सहित अन्य देवालय तत्कालीन सेन राजपूत शासकों की आध्यात्मिकता, शिल्पकला और सनातन परंपराओं की समृद्ध झलक प्रस्तुत करते हैं।

हेरिटेज वॉक के माध्यम से मंडी की वास्तुकला, शिल्पकला, मंडी रियासत के इतिहास, सामाजिक जीवन और धार्मिक विश्वासों से जुड़े अनेक पहलुओं से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक परिचित होंगे।
====================================
*एसडीएम ने की पीलिया की रोकथाम से संबंधित उपायों की समीक्षा, स्कूलों का किया निरीक्षण*
*मंडी, 02 फरवरी।* उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर देवी राम की अध्यक्षता में आज गोहर में स्वास्थ्य विभाग एवं जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें उपमंडल गोहर क्षेत्र में फैले पीलिया रोग की रोकथाम की समीक्षा की गई। बैठक में इस रोग पर नियंत्रण, पेयजल की गुणवत्ता तथा जन-जागरूकता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पीलिया से बचाव को लेकर जन-जागरूकता संबंधी उपायों पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पीलिया मुख्यतः दूषित पेयजल एवं अस्वच्छता के कारण फैलता है, इसलिए उबला हुआ अथवा सुरक्षित पेयजल ही प्रयोग करने की सलाह दी गई। खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने, भोजन से पहले एवं शौच के बाद साबुन से हाथ धोने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। पीलिया के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार या झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में जांच व उपचार करवाने पर बल दिया गया। तैलीय भोजन, शराब एवं नशे से परहेज करने की भी सलाह दी गई।
एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग को पीलिया के संभावित मामलों पर निरंतर निगरानी रखने तथा समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को पीलिया से बचाव, स्वच्छ पेयजल के उपयोग एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। जल शक्ति विभाग को जल स्रोतों की नियमित सफाई व क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत एसडीएम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोहर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल टंकियों की साफ-सफाई इत्यादि जांची और पाठशाला प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त स्थानीय अस्पताल में उपचाराधीन रोगियों से उनका कुशलक्षेम भी पूछा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा सहित जल शक्ति विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
==================================
*आगामी 4 फरवरी को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी*
*मंडी, 02 फरवरी।* अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत मंडी शहर में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के विद्युत उपमंडल-1 के तहत मुरम्मत कार्य किया जाना है। इसी क्रम में आगामी 04 फरवरी, 2026 को 11 केवी जेल रोड एचटी लाइन की मरम्मत प्रस्तावित है। जिससे इस लाइन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों अस्पताल रोड, गणपति रोड, पैलेस कॉलोनी, तुंगल कॉलोनी, जेल रोड, त्वाम्बड़ा, पंजेहटी, पैलेस, लोक निर्माण विभाग कॉलोनी, टारना रोड, टारना हिल, सुहड़ा मोहल्ला, रवि नगर, महाजन बाज़ार, सन्यारड़ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी व इसके आस-पास के क्षेत्रों में इस दिन प्रातः 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक विद्युत् आपूर्ति बाधित रहेगी। बारिश या मौसम खराब रहने की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जा सकता है।
सहायक अभियंता नरेश कुमार ठाकुर ने इन क्षेत्रों के सभी विद्युत् उपभोक्ताओं से सहयोग का अनुरोध किया है।
===============================
2026-27 सत्र हेतु निजी विद्यालयों की मान्यता प्रक्रिया शुरू
धर्मशाला, 2 फरवरी: उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम-2011 के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में निहित प्रावधानों के अनुसार जिला कांगड़ा के सभी निजी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं विद्यालय मुखियाओं से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मान्यता एवं मान्यता नवीनीकरण हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे तथा किसी भी प्रकार का आॅफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। मान्यता के नवीनीकरण हेतु संबंधित विद्यालय को वेबसाइट www.emargshimachal.in पर लाॅग-इन करना होगा।
पहली से पांचवीं कक्षा तक संचालित विद्यालयों को अपने आवेदन निर्धारित शुल्क सहित संबंधित बीईईओ को ऑनलाइन भेजने होंगे, जबकि प्राइमरी से आठवीं तथा छठी से आठवीं तक की कक्षाएं संचालित करने वाले विद्यालयों को अपने आवेदन निर्धारित शुल्क सहित डीडीईई, कांगड़ा को ऑनलाइन भेजने होंगे।
आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इसके उपरांत ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी। यदि किसी आवेदन में त्रुटियां पाई जाती हैं तो उसे ऑनलाइन माध्यम से ही विद्यालय को वापस भेज दिया जाएगा। संबंधित विद्यालय त्रुटियों के निवारण के पश्चात आवेदन को पुनः ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकता है।
सभी सही पाए गए आवेदनों के लिए मान्यता पत्र एवं मान्यता नवीनीकरण पत्र ऑनलाइन माध्यम से ही जारी किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सत्र 2026-27 में केवल वही विद्यालय विद्यार्थियों को प्रवेश दे सकेंगे, जिनके पास विभाग द्वारा जारी मान्यता प्रमाण पत्र उपलब्ध होंगे। बिना मान्यता अथवा मान्यता नवीनीकरण पत्र के संचालित विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
=======================================
सोलन -दिनांक 02.02.2026

313 पदों के लिए 06 फरवरी को कैंपस इंटरव्यू

ज़िला रोज़गार अधिकारी कार्यालय सोलन द्वारा प्रदत्त संशोधित जानकारी के अनुसार 06 फरवरी, 2026 को अब 313 पदों की भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने दी।
जगदीश कुमार ने कहा कि मैसर्ज़ वीनस रेमेडिज लिमिटेड बद्दी द्वारा पेंटर, हेल्पर व एग्ज़ीक्यूटिव ऑफिसर के 25 पद, मैसर्ज़ विंसम टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज बद्दी में हेल्पर, डोफर, वाइंडर, फीटर, इलेक्ट्रिीशियन के 115 पद, मैसर्ज़ ईस्टमैन ऑटो एंड पावर लिमिटिड नालागढ़ में आई.टी.आई. व नॉन आई.टी.आई. के 150 पद, मैसर्ज़ क्लब महिंद्रा कण्डाघाट में रूम अटेंडेंट, हाउसकीपिंग व सुपरवाइजर के 07 पद, ऑपरेटिव इंजीनियर ट्रैनी के 05 पद तथा जीवन आयुर्वेदा धर्मपुर में बी.ए.एम.एस. चिकित्सक व एग्ज़ीक्यूटिव के 11 पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएट, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, एच.एम., आई.टी.आई. (सभी ट्रेड), बी.फार्मा, बी.ए.एम.एस. व आयु 20 से 38 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
ज़िला रोज़गार अधिकारी ने कहा कि इन पदों की विस्तृत जानकारी आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. में प्राप्त कर सकते हैं। सभी योग्य एवं इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर कैंडिडेट लॉगइन टैब के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत अपनी रेजिस्ट्रेशन प्रोफाइल पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन से पूर्व प्रत्येक आवेदक का नाम रोज़गार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता सम्बन्धी सभी अनिवार्य प्रमाण पत्र व दस्तावेज सहित ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में 06 फरवरी, 2026 को प्रातः 10.30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में सम्पर्क किया जा सकता है।