10 मार्च तक बंद रहेंगी बड़सर उपमंडल की दो सड़कें
हमीरपुर 23 फरवरी। बड़सर उपमंडल के अंतर्गत दो सड़कों मलहेड़ा-नैण-रप्पड़ सड़क और बणी-मटकर सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन कार्य के चलते इन सड़कों पर यातायात 10 मार्च तक बंद रहेगा।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन दोनों सड़कों की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इन्हें अतिशीघ्र पूरा करने के लिए उक्त सड़कों पर वाहनों की आवाजाही 10 मार्च तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक मलहेड़ा-नैण-रप्पड़ सड़क के बजाय दरकोटी-झंजियानी सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। इसी प्रकार, बणी-मटकर सड़क के बजाय मैहरे-घोड़ी धबीरी सड़क को वैकल्पिक रूट के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
=========================================
विकास खंड हमीरपुर की 38 पंचायतों के वार्डों और बीडीसी के 17 वार्डों के परिसीमन के प्रारूपों पर आपत्तियां या सुझाव 27 तक
हमीरपुर 23 फरवरी। विकास खंड हमीरपुर की पंचायत समिति के 17 वार्डों और इनके अंतर्गत आने वाली 38 ग्राम पंचायतों के वार्डों के परिसीमन के प्रारूप प्रकाशित कर दिए गए हैं।
इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए एसडीएम हमीरपुर एवं निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संजीत सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों और पंचायत समिति के वार्डों के परिसीमन के प्रारूप पर अगर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति हो या फिर वह अपना कोई सुझाव देना चाहता है तो इन्हें 27 फरवरी तक एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि परिसीमन के प्रारूप के अनुसार विकास खंड हमीरपुर में 38 ग्राम पंचायतें हैं। इन पंचायतों में अमरोह, ब्राहलड़ी, चंगर, धनेड़, धरोग, फरनोहल, जंगल रोपा, ललीण, नाल्टी, नेरी, रोपा, नारा, सेर बलौणी, गसोता, जटेहड़ी, छयोड़ी, अग्घार, नाहलवीं, साहनवीं, ताल, टिक्कर डिडवीं, उखली, चौकी कनकरी, पांडवीं, भगेटू, बफड़ीं, बलोह, चमनेड, डबरेड़ा, काले अंब, लंबलू, पंधेड़, स्वाहल, देई का नौण, कुठेड़ा, मझोग सुल्तानी, टिब्बी और ख्याह लोहाखरियां शामिल हैं। इन 38 ग्राम पंचायतों को पंचायत समिति के 17 वार्डों में बांटा गया है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार पंचायत समिति की कुल जनसंख्या 59,925 है।