*शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जाना औषधीय व सुगंधित पौधों का महत्व*

*मंडी/गोहर, 25 फरवरी।* तहसील चच्योट के राजकीय उच्च विद्यालय बहवा के 25 विद्यार्थियों एवं दो शिक्षकों ने आज कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर, थुनाग स्थित गोहर का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया।

इस अवसर पर डॉ. अरुणा मेहता, वैज्ञानिक (औषधीय एवं सुगंधित पौधे) ने विद्यार्थियों को औषधीय और सुगंधित पौधों के महत्व, उनके स्वास्थ्य लाभ तथा आय के स्रोत के रूप में उनकी संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। डॉ. रजत सिंह, सहायक प्राध्यापक (खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) तथा कनिष्ठ शोध अध्येता अंकिता शर्मा ने विद्यार्थियों को कैंथ फल के स्वास्थ्य लाभों, उसकी प्रसंस्करण विधियों और उत्पाद निर्माण की तकनीकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

सभी छात्रों व शिक्षकों ने इस शैक्षणिक भ्रमण पर खुशी जताई। छात्रों के साथ आए शिक्षक सुनील शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर न केवल विद्यार्थियों को नई तकनीकें सिखाते हैं, बल्कि उन्हें स्थानीय स्तर पर आय के नए अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।============================

नादौन अस्पताल के पुराने लैब भवन की नीलामी 28 को

नादौन 25 फरवरी। नागरिक अस्पताल नादौन के परिसर में स्थित लैब के पुराने भवन को गिराने और उसके मलबे को उठाने के लिए उक्त भवन की नीलामी प्रक्रिया 28 फरवरी को सुबह 11 बजे आरंभ की जाएगी।
इस पुराने भवन की नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नादौन में संपर्क कर सकते हैं।

==========================================

केसों के त्वरित निपटारे के लिए 14 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
हमीरपुर, बड़सर और नादौन के न्यायिक परिसरों में निपटारे के लिए करें आवेदन

हमीरपुर 25 फरवरी। अदालतों में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 14 मार्च को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर हमीरपुर और उपमंडल स्तर के न्यायिक परिसरों नादौन तथा बड़सर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न मामलों का निपटारा समझौते के आधार पर किया जाएगा। इस दौरान आपराधिक कंपाउंडेबल अपराध, एन. आई. एक्ट के मामले, धन वसूली के मामले और भूमि विवाद आदि पर सुनवाई करके निपटारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना क्लेम के मामले, मोटर व्हीकल अधिनियम, श्रम विवाद के मामले, बिजली, पानी और टेलीफोन के बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण के मामले, वेतन और भत्तों और सेवानिवृत्ति से संबधित मामलों का भी निपटारा होगा।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि लोक अदालत में उन मामलों का निपटारा भी करवाया जा सकता है जो अभी तक न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि अपने मामलों का निपटारा करवाने के इच्छुक लोग जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण कार्यालय हमीरपुर या संबंधित न्यायालय में सादे कागज पर आवेदन कर सकते हैं। लोक अदालत से पहले प्री-लोक अदालत सीटिंग में भी इन मामलों का निपटारा आपसी सहमति के आधार पर करवाया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-224399 पर संपर्क किया जा सकता है।
======================================

मध्यस्थता के लिए रिटायर्ड अधिकारियों और अन्य विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित

हमीरपुर 25 फरवरी। अदालतों में लंबित मामलों को मध्यस्थता, सुलह एवं आपसी सहमति से निपटाने के लिए एक विशेष अभियान आरंभ किया गया है। ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0’ अभियान के तहत विभिन्न मामलों के निपटारे के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण विशेषज्ञ सामुदायिक मध्यस्थों की नियुक्ति करने जा रही है। ये विशेषज्ञ हमीरपुर, नादौन, बड़सर और भोरंज की अदालतों में लंबित विभिन्न मामलों के निपटारे में मध्यस्थ की भूमिका निभाएंगे।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिला हमीरपुर में मध्यस्थता के लिए विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया जाएगा। इस पैनल में राजस्व विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी, बैंकों और बीमा कंपनियों के सेवानिवृत्त अधिकारी, अधिवक्ता और कई अन्य परामर्शदाता शामिल किए जा सकते हैं।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि अगर कोई सेवानिवृत्त अधिकारी, अधिवक्ता या अन्य परामर्शदाता सामुदायिक मध्यस्थ बनना चाहता है तो वह एक सप्ताह के भीतर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के कार्यालय में आवेदन कर सकता है। आवेदन पत्र के साथ अपना बायोडाटा, संबंधित क्षेत्र में अनुभव और अन्य आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज संलग्न करने होंगे। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-224399 पर संपर्क किया जा सकता है।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि अदालतों में लंबित मामलों का निपटारा मध्यस्थता, सुलह एवं आपसी सहमति से करने से दोनों पक्षों के समय और धन की बचत होती है तथा उनमें सौहार्दपूर्ण संबंध भी बने रहते हैं। इसी के मद्देनजर राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ने ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0’ अभियान शुरू किया है।

===================================================
आरकेजीएमसी की एंटी रैगिंग कमेटी ने की रैगिंग रोधी प्रबंधों की समीक्षा

हमीरपुर 25 फरवरी। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (आरकेजीएमसी) हमीरपुर की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुधवार को प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों, हॉस्टल एवं पीजी के संचालकों तथा विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर पिछली बैठक के दौरान लिए गए निर्णयों की अनुपालना और महाविद्यालय के परिसर, इसके आसपास के क्षेत्र, हॉस्टलों एवं पीजी में किसी भी तरह की रैगिंग के मामलों को रोकने के लिए किए गए विभिन्न प्रबंधों पर व्यापक चर्चा की गई।
प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि संस्थान में रैंगिंग का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद महाविद्यालय, हॉस्टल एवं पीजी के परिसरों को रैगिंग मुक्त बनाए रखने के लिए सतर्कता बहुत जरूरी है। उन्होंने महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर के सिक्योरिटी प्रभारी को सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर नियमित रूप से नजर रखने तथा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य ने एंटी रैगिंग स्क्वायड के सदस्यों को सभी हॉस्टलों एवं पीजी की नियमित रूप से चैकिंग करने तथा इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। हॉस्टल एवं पीजी संचालक भी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी आग्रह किया कि वे हॉस्टलों एवं पीजी के आस-पास गश्त को बढ़ाएं। प्रधानाचार्य ने बताया कि महाविद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों के स्थानीय पते का ब्यौरा एकत्रित करने के लिए गूगल लिंक भी जारी किया है। यह ब्यौरा पुलिस के साथ भी साझा किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा सके। बैठक में विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों से भी फीडबैक एवं सुझाव लिए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के अतिरिक्त निदेशक अनुपम ठाकुर, आरकेजीएमसी अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देसराज शर्मा, डीएसपी हरीश गुलेरिया और महाविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक भी उपस्थित थे।
=======================================================
होली उत्सव के लिए ऑडिशन के अंतिम दिन उमड़े लोक कलाकार

हमीरपुर 25 फरवरी। राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की चारों सांस्कृतिक संध्याओं के लिए लोक कलाकारों के चयन हेतु ऑडिशन बुधवार को पूर्ण कर लिए गए। ऑडिशन के अंतिम दिन प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोक कलाकार पहुंचे।
जिला भाषा अधिकारी एवं ऑडिशन कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार पटियाल ने बताया कि अंतिम दिन ऑडिशन में लगभग 270 लोक कलाकारों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक चले इन ऑडिशन में जिला हमीरपुर और प्रदेश के अन्य जिलों से कुल मिलाकर लगभग 600 लोक कलाकारों ने भाग लिया।
========================
सोलन दिनांक 25.02.2026
शेड्स लॉ कॉलेज सोलन में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोलन के सहयोग से आज शेड्स लॉ कॉलेज में तीन प्रमुख विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जागरूकता शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आकांक्षा डोगरा ने की।
जागरूकता शिविर में वर्तमान संदर्भ में मादक पदार्थ जागरूकता और स्वास्थ्य मार्गदर्शन, बाल विवाह के प्रभाव और मानव एवं वन्य जीव संघर्ष विषयों पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया।
आकांक्षा डोगरा ने इस अवसर पर नशीली दवाओं के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य मार्गदर्शन योजना-2025 पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि नशीली दवाओं के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य मार्ग दर्शन योजना राष्ट्रीय विधि सेवा प्राधिकरण की एक पहल है। इसका उद्देश्य नशीली दवाओं के खतरों के बारे में जागरूकता उत्पन्न करना और नशा मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार करना है। यह योजना छात्रों और समुदायों को नशीली दवाओं के जोखिमों के बारे में शिक्षित करने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है।
उन्होंने कार्यक्रम में बाल विवाह विषय पर भी विधिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत लड़कियों के लिए विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष निर्धारित की गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने मानव-वन्य जीव विषय पर भी छात्रों एवं अन्य को जानकारी दी। उन्होंने भारत द्वारा मानव-वन्य जीव संघर्ष (एचडब्ल्यूसी) योजना 2025 की विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
छात्रा प्रेरणा ने इस अवसर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण योजना के संदर्भ में ड्रग शोषण विषय पर अपने विचार रखे। छात्रा दीप्ति ने बाल विवाह के प्रभावों और युवा पीढ़ी पर इसके परिणामों पर प्रकाश डाला।
छात्रा मुस्कान कैथ ने मानव और वन्यजीव संघर्ष पर अपने विचार व्यक्त किए।
सुनीता ठाकुर ने छात्रों से मादक पदार्थों से दूर रहने और समाज हित में कार्य करने का आग्रह किया।
================================================
चिट्टा मुक्त हिमाचल और स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला आयोजित
SOLAN, 25.02.26-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन और एन.जी.ओ शिक्षा क्रांति सोलन के संयुक्त तत्वावधान में आज यहां नगर निगम सोलन के हॉल में चिट्टा मुक्त हिमाचल और स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम सोलन की महापौर उषा शर्मा मुख्य अतिथि तथा निगम की आयुक्त एकता कापटा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने स्वच्छता एव स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों तथा नशे से बचाव के व्यावहारिक उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होेंने युवाओं में चिट्टा की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार और प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है और इस दिशा में जन-जन को सहयोगी बनना होगा।
महापौर उषा शर्मा ने कार्यशाला में स्वच्छता और स्वास्थ्य विषय पर जानकारी प्रदान की। उन्होंने नगर निगम सोलन क्षेत्र को कचरा मुक्त बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने शिक्षा क्रांति एन.जी.ओ. के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जन-भागीदारी से ही सोलन को साफ-सुथरा और हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने के संकल्प को पूरा किया जा सकता है।
शिक्षा क्रांति संस्था के अध्यक्ष सत्यन ने सभी से खुले में कचरा न फेंकने और किसी भी प्रकार के कूड़े कचरे को न जलाने का आग्रह किया।
कार्यशाला में शिक्षा क्रांति के लगभग 20 स्वच्छताग्रही और सोलन नगर निगम के 150 सफाई कर्मियों ने भाग लिया ।
इस अवसर पर स्वच्छता और नशा मुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए 10 स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया गया।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन, डॉ. शालिनी पुरी, स्वास्थ्य शिक्षिका पद्मनी नेगी, समन्वयक राधा चौहान, शिक्षा क्रांति से ऊषा शर्मा, कमल शर्मा, अजय जैन, कुशल शर्मा, दीप राम चौहान, प्रताप शर्मा, महक, मुस्कान, राहुल आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।