सलेटी से भिंडला रोड 10 मार्च से 9 अप्रैल तक यातायात के लिए रहेगा बंद
धर्मशाला, 25 फरवरी: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए अधिसूचना जारी की है कि प्रागपुर उपमंडल के अन्तर्गत सलेटी से भिंडला रोड के मरम्मत कार्य के चलते 10 मार्च से 9 अप्रैल 2026 तक हर प्रकार के यातायात के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेगा। इस दौरान गाड़ियों की आवाजाही के लिए कलोह-शांतला मार्ग और भिंडला सिकरां दा भरोह वाया रपोह मिसरां मार्गों का उपयोग किया जाएगा। उन्होने लोगों से सहयोग की अपील की है।
=========================================
दाड़ी फीडर के तहत 27 फरवरी को बिजली बंद
धर्मशाला 25 फरवरीः विद्युत उपमंडल नं॰-2 के सहायक अभियन्ता रमेश चंद ने बताया कि विद्युत लाईनों के सामान्य रखरखाव के चलते 11 केवी दाड़ी फीडर के क्षेत्रों शीला, लोअर शीला, पासू, भटेड़, पंतेहड़, अपर मनेड़, लोअर सुक्कड़, हरनेड़, कनेड़ तथा आसपास लगते क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे या कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। खराब मौसम की स्थिति में, यह शटडाउन अगले दिन किया जाएगा।
=================================
दूध उत्पादकों को पशुओं की देखभाल व संतुलित आहार पर किया गया प्रशिक्षित
धर्मशाला, 25 फरवरी: हिमाचल प्रदेश दुग्ध उत्पादक सहकारी प्रसंघ, शिमला की ओर से कांगड़ा इकाई के तहत ग्राम पंचायत काठगढ़ में दुग्ध उत्पादकों के लिए जागरूकता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में पशुपालकों को आधुनिक दुग्ध उत्पादन तकनीक, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन तथा स्वच्छ दुग्ध उत्पादन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के प्रधानाचार्य डाॅ. सत्यपाल कुरे और वैज्ञानिक डाॅ. दामिनी आर्य ने दुग्ध उत्पादक किसानों को पशुओं की समुचित देखभाल, संतुलित आहार, उन्नत नस्लों के चयन तथा पशु रोगों की रोकथाम के विषय में प्रशिक्षित किया।
प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता कांगड़ा इकाई के तकनीकी अधीक्षक सिद्धार्थ डोगरा ने की। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश दुग्ध उत्पादक सहकारी प्रसंघ, शिमला द्वारा कांगड़ा इकाई के अंतर्गत किसानों को जागरूक करने के लिए इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि हो और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।