उपायुक्त अपूर्व देवगन ने किया नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्षेत्रीय अस्पताल मंडी का दौरा
व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

मंडी, 10 मार्च। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्षेत्रीय अस्पताल मंडी का दौरा कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सुगम, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

दौरे के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल की फिजियोथैरेपी यूनिट, पर्ची (रजिस्ट्रेशन) काउंटर, कैश काउंटर, सामान्य वार्ड तथा विशेष वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए पर्ची काउंटर पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए वहां फोल्डेबल शटर तथा पंखे इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों और कर्मचारियों दोनों को सुविधा मिल सके।

उपायुक्त ने कहा कि मदर एंड चाइल्ड अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस की गुमटी स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ की गाड़ियों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल को रेलिंग और आयरन गार्डर लगाकर व्यवस्थित व सुरक्षित बनाया जाएगा।उन्होंने विशेष वार्डों में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इसके तहत विशेष वार्डों में अलमारी और फ्रिज की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधा मिल सके।

उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्था, स्वच्छता और मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिनेश ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे और उन्होंने उपायुक्त को अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।

====================================

सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक दिवसीय कार्यशाला 18 मार्च को, उपायुक्त करेंगे अध्यक्षता*

*मंडी, 10 मार्च।* जिला प्रशासन मण्डी द्वारा सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए "भविष्य सेतु" कार्यक्रम के अंतर्गत सिविल सर्विसिज प्रीमियर वर्कशॉप फॉर आईएएस/एचपीएएस एस्पीरेंट्स का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 18 मार्च, 2026 को दोपहर 12.30 बजे उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में यहां उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की जाएगी।
इस कार्यशाला का उद्देश्य भारतीय प्रशासनिक सेवाएं (आईएएस) तथा हिमाचल प्रशासनिक सेवाएं (एचपीएएस) जैसी सिविल सेवा से जुड़ी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को परीक्षा से सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारी, मार्गदर्शन तथा रणनीति प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों को सिविल सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न, उत्तर लेखन कौशल, वैकल्पिक विषय चयन आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में अभ्यर्थियों का मागदर्शन अपूर्व देवगन, भा0प्र0से0 व डॉ0 जितेन्द्र चंदेल, हि0प्र0प्र0 सेवा /भा0व0से0 द्वारा किया जायेगा।
कार्यशाला में डाउट क्लियरिंग सेशन, प्रश्न-उत्तर तथा आईएएस व एचपीएएस अधिकारियों के प्रेरणादायक अनुभव भी शामिल होंगे, जिससे अभ्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए सही दिशा और मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
जिला प्रशासन ने सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहे इच्छुक अभ्यार्थियों से इस कार्यशाला में भाग लेने का आह्वान किया है। इच्छुक अभ्यर्थी अपना नाम, पता शैक्षणिक योग्यता व जिस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, उसकी जानकारी व्हाट्सएप नंबर 7018893399 के माध्यम से भेजकर अपना पंजीकरण कर सकते है। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के समय और अन्य आवश्यक जानकारी से अवगत करवाया जाएगा। यह कार्यशाला सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करने का एक अच्छा अवसर सिद्ध होगी।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि आने वाले समय में ”भविष्य सेतु“ कार्यक्रम के अंतर्गत ऐसी कार्यशालाएं जिला मण्डी के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों व आई0टी0आई0 में आयोजित की जाएंगी।

=======================================

एलपीजी गैस सुरक्षा जांच अभियान 11 मार्च से होगा शुरू
सुरक्षा जांच अभियान में सहयोग करें उपभोक्ता: संजीव वर्मा

मंडी, 10 मार्च। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड द्वारा गैस उपभोक्ताओं की सुरक्षा और जन जागरूकता को ध्यान में रखते हुए एलपीजी गैस सुरक्षा जांच अभियान 11 मार्च से शुरू किया जाएगा। यह जानकारी क्षेत्रीय प्रबंधक, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड मंडी संजीव वर्मा ने देते हुए बताया कि अभियान के तहत अधिकृत गैस वितरक और कर्मचारी उपभोक्ताओं के घरों में गैस सिलेंडर, रेगुलेटर, रबर पाइप, गैस चूल्हा तथा संभावित गैस लीकेज की जांच करेंगे और गैस के सुरक्षित उपयोग से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रदान करेंगे।

उन्होंने बताया कि यह अभियान इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के सहयोग से संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को गैस पाइप की एक्सपायरी तिथि, उसकी स्थिति और लंबाई की जांच के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। यदि पाइप में कट, दरार या अत्यधिक पुराना होने के संकेत मिलते हैं या उसकी अवधि 3 से 4 वर्ष पूरी हो चुकी होती है, तो उसे बदलने की सलाह दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला मंडी में यह अभियान निगम की गैस एजेंसियों सरकाघाट, बलद्वाड़ा, करसोग, पधर और जोगिंदरनगर के माध्यम से संचालित किया जाएगा, जबकि जिला कुल्लू में कुल्लू और मनाली स्थित एजेंसियों के माध्यम से भी यह अभियान चलाया जाएगा।

संजीव वर्मा ने उपभोक्ताओं से इस सुरक्षा जांच अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इससे गैस से संबंधित संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और घरेलू गैस के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

====================================================

शिक्षा मंत्री 11 मार्च से मंडी जिला के दो दिवसीय दौरे पर

मंडी, 10 मार्च। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 11 मार्च से मंडी जिला के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वह विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा शिक्षा संस्थानों के विकास से जुड़े कार्यों का उद्घाटन करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षा मंत्री 11 मार्च को प्रातः 10.30 बजे द्रंग विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहल के नवनिर्मित भवन तथा सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के नारला स्थित द्रंग परिसर का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति आचार्य (डॉ.) ललित कुमार अवस्थी भी उपस्थित रहेंगे। इसके उपरांत वह राजकीय डिग्री कॉलेज द्रंग, नारला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। शिक्षा मंत्री का रात्रि विश्राम जल शक्ति विभाग के बिजनी विश्राम गृह में होगा।

12 मार्च को शिक्षा मंत्री प्रातः 11 बजे राजकीय वल्लभ डिग्री कॉलेज मंडी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगे। इसके उपरांत वह दोपहर बाद शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे।

--