हिसार, 22.03.26-- श्री प्रयाग गिरी शिवालय ट्रस्ट में चैत्र नवरात्रि पर चौथे दिन माता माँ कूष्मांडा की पूजा-अर्चना व कीर्तन शिवालय मंदिर के प्रधान बजरंग गर्ग के नेतृत्व में हुआ। जिसमें महिलाओं ने मंगल गीत गाए एवं भारी संख्या में धर्म प्रेमियों ने भाग लिया।
शिवालय ट्रस्ट के प्रधान बजरंग गर्ग ने कहा कि शिवालय मंदिर में 23 मार्च को माता दुर्गा जी की चौकी पर भव्य भजन समारोह का कार्यक्रम होगा। श्री गर्ग ने कहा कि माँ कूष्मांडा अपनी मंद मुस्कान से ब्रह्मांड की रचना करने वाली 'अष्टभुजा' देवी हैं। वे ऊर्जा, स्वास्थ्य और समृद्धि की देवी हैं। माँ कूष्मांडा जीवन से अंधकार दूर कर सकारात्मकता लाती हैं। इस दिन पीले रंग के वस्त्र और फूल अर्पित करना शुभ माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब चारों तरफ अंधकार था, तब देवी ने अपनी हल्की मुस्कान से सृष्टि की रचना की। इसलिए उन्हें 'सृष्टि की आदिस्वरूपा' कहा जाता है। माँ कूष्मांडा के हाथों में जपमाला, धनुष, बाण, कमल, अमृत कलश, चक्र, गदा और चक्र सुशोभित हैं। वे सूर्य के भीतर निवास करती हैं, जो उन्हें अपार ऊर्जा देता है। बजरंग गर्ग ने कहा कि माँ कूष्मांडा की आराधना से न केवल हमारे जीवन से दुखों का अंधकार दूर होता है, बल्कि हमें आरोग्य, यश और बल की प्राप्ति भी होती है। श्री गर्ग ने कहा कि माँ कूष्मांडा की पूजा करने से भक्तों के जीवन से रोग और कष्ट दूर होते हैं और आरोग्य प्राप्ति होती है।
इस अवसर पर नारायण दास बंसल, सुरेंद्र सिंगला, प्रवीण जैन, कैलाश चौधरी,ओम प्रकाश असीजा, रमेश पटवारी, शिवलाल मदन, मधुसूदन, दीपक चावला, हरीश सेहरा, जसराम वर्मा, सुनील शर्मा, दलबीर सिंह, भारत चोपड़ा, मुकेश मेहरिया, जसराम वर्मा, गौरी शंकर,श्रीमती अनीता गर्ग, पूजा शर्मा, कविता रानी, सोनिया शर्मा, ललिता शर्मा, नीतू गर्ग, राज रानी, रेनू सिंह आदि भक्तजन भारी संख्या में मौजूद रहे।