राहियां-अमरपुर-हड़सर-घुमारवीं सड़क मार्ग आगामी 20 अप्रैल तक यातायात के लिए बंद
बिलासपुर, 08 अप्रैल: जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग मण्डल झण्डुता के अंतर्गत राहियां-अमरपुर-हड़सर-घुमारवीं सड़क मार्ग आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी 20 अप्रैल तक बंद रहेगा।
जारी आदेश में इस दौरान सभी वाहनों को वाया बरठीं-पनौल से झण्डुता सड़क और भल्लू से बिल्लौरा सडक मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है। उन्होंने जारी आदेशों में बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान इस सड़क मार्ग पर केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की ही अनुमति रहेगी।
========================================
हमीरपुर में आईटीआई डिप्लोमाधारकों के साक्षात्कार 10 को
हमीरपुर 08अप्रैल। बद्दी में चल रहे प्रसिद्ध कंपनी हैवल्स इंडिया लिमिटेड के प्लांट में अप्रेंटिस के 55 पदों को भरने के लिए 10 अप्रैल को सुबह साढे दस बजे जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए वर्ष 2022 से 2025 तक के पास आउट इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल ट्रेड के आईटीआई डिप्लोमाधारक पात्र हैं। आवेदकों की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित युवाओं को 13,500 से लेकर 15,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
====================================================
10 अप्रैल को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में दिव्यांगजनों का होगा चिकित्सा परीक्षण
बिलासपुर, 08 अप्रैल: जिला बिलासपुर में दिव्यांगजन को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आगामी 10 अप्रैल (शुक्रवार) को शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर आयोजन के दृष्टिगत मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा ने जिला मेडिकल डिसेबिलिटी बोर्ड का गठन किया है।
इस सम्बन्ध में आदेश जारी करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस बोर्ड में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं अधिकारियों को नामित किया गया है, जिनमें शिशु रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ तथा क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यह शिविर 10 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से अंतिम लाभार्थी के परीक्षण तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षण का स्थान कक्ष संख्या-203, न्यू ओपीडी कॉम्प्लेक्स, क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रहेगा। उन्होंने सभी संबंधित लाभार्थियों से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित तिथि व समयानुसार शिविर में शामिल होने का आह्वान किया है।
==================================================
सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स मेनेजर के 06 पदों के लिए घुमारवीं में होंगे साक्षात्कार
बिलासपुर, 08 अप्रैल: श्रीराम इंश्योरेंस कम्पनी लिमिटेड, घुमारवीं, द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव तथा सेल्स मेनेजर के 06 पदों को भरा जा रहा है। इन पदों के लिए आगामी 17 अप्रैल को उप-रोजगार कार्यालय घुमारवीं में प्रातः 10ः30 बजे से कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा।
इस बारे जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी बिलासपुर राजेश मेहता ने बताया कि सेल्स एग्जीक्यूटिव तथा सेल्स मेनेजर के इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता सनातक व एमबीए पास रखी गई है। इन पदों के लिए 25 से 45 वर्ष आयु वर्ग के उम्मीदवार आवेदन कर सकते है। चयनित अभ्यर्थियों को 20 हजार से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित स्थान, तिथि व समय पर उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। इस बारे अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 70185-59618 पर संपर्क किया जा सकता है।
==============================================
राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं के अंतर्गत आज दंगल प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
नगर परिषद घुमारवीं से मेला ग्राउंड तक निकाली भव्य दंगल शोभायात्रा, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत
घुमारवीं (बिलासपुर), 08 अप्रैल: राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं-2026 के अंतर्गत आज दंगल (कुश्ती प्रतियोगिता) का आयोजन मेला मैदान में किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संदीप धवल बतौर मुख्यातिथि जबकि डीएसपी मदन धीमान विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
दंगल प्रतियोगिता से पूर्व नगर परिषद घुमारवीं से मेला ग्राउंड तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पहलवानों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने कहा कि मेले हमारी प्राचीन संस्कृति और परंपराओं से जुड़े हुए हैं और इन्हें संजोए रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल वर्षों से हमारी संस्कृति का हिस्सा रहे हैं और आज भी लोगों में इनके प्रति उत्साह और उमंग देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से हमारी संस्कृति, परंपराएं और रीति-रिवाजों को संजोए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
इस अवसर पर दंगल कमेटी के अध्यक्ष एवं डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा, नगर परिषद घुमारवीं की पूर्व अध्यक्षा रीता सहगल, पूर्व उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, पूर्व मनोनीत पार्षद सतीश कुमार, व्यापार मंडल के अध्यक्ष हेमराज संख्यान, कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।