शाहपुर, 21 अप्रैल-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज विधानसभा क्षेत्र के डिब्बर में जन समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि डिब्बर से मनेई तक सड़क निर्माण प्रस्तावित है और मौजूदा जीप योग्य सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने राजस्व, वन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण की जाएं, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

पठानिया ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जहां-जहां निजी भूमि सड़क चौड़ीकरण में आ रही है, वहां भूमि मालिक स्वेच्छा से गिफ्ट डीड सरकार के नाम करें, जिससे विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों, ताकि मौके पर ही अधिकतम जन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इससे पूर्व उन्होंने ग्राम पंचायत मंझग्रां (लदवाड़ा) के वार्ड नंबर 4 में भी लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित शर्मा,सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग विपुल पुंज सहित संजय, मिल्खी राम, हेमराज, विक्रम राणा, सुशील, रीता, शारदा, शांति, पवना, कृष्णा, सुदर्शना समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, उनके प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।