नगर निगम मंडी चुनाव के दृष्टिगत 15 मई सांय 3 बजे से 17 मई तक ड्राई डे घोषित

मंडी, 13 मई। नगर निगम मंडी चुनाव 2026 के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने अधिसूचना जारी कर नगर निगम मंडी के मतदान क्षेत्र में 17 मई को मतदान समाप्ति के लिए निर्धारित समय से 48 घंटे पूर्व अर्थात 15 मई सांय 3 बजे के बाद से मतदान समाप्ति तक तथा 31 मई को मतगणना दिवस पर ड्राई डे घोषित किया है।

जारी आदेशों के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश के निर्देशों तथा हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा 30-1 के तहत 15 मई सांय 3 बजे से लेकर 17 मई को अपराह्न 3 बजे तक किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, बार, क्लब, शराब की दुकान अथवा अन्य सार्वजनिक या निजी स्थान पर शराब अथवा शराब जैसी नशीली वस्तु की बिक्री, वितरण अथवा परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध मतगणना दिवस 31 मई को भी लागू रहेगा।

आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा 30-1 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
=====================================
नगर निगम चुनावों में प्रयोग होने वाली ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग सम्पन्न
मंडी, 13 मई। नगर निगम मंडी के पार्षद चुनावों के लिए 17 मई को होने वाले मतदान हेतु प्रयोग की जाने वाली ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग प्रक्रिया बुधवार को राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी में सम्पन्न हुई। वार्ड नंबर 1 से 13 तक के लिए कुल 69 ईवीएम मशीनों को चुनाव प्रक्रिया के अनुरूप तैयार किया गया।
कमीशनिंग प्रक्रिया के दौरान उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्व देवगन ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कर्मियों को निर्देश दिए कि ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग प्रक्रिया पूरी सतर्कता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ सम्पन्न की जाए।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सदर रूपिन्द्र कौर ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पारदर्शिता एवं सावधानी के साथ सम्पन्न की गई। उन्होंने बताया कि मतदान से पूर्व इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को मतदान के लिए तैयार किया गया। इस दौरान मशीनों में उम्मीदवारों के नाम, चुनाव चिन्ह तथा बैलेट यूनिट की सेटिंग की गई। प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सभी मशीनों को सीसीटीवी निगरानी में स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में 3 मास्टर ट्रेनर, 15 इंजीनियरों तथा अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
===========================================
पंचायती राज चुनाव : मंडी जिला में 54 नामांकन रद्द, 14565 उम्मीदवारों के पर्चे सही पाए गए
जिला परिषद चुनाव में एक नामांकन रद्द, पंचायत समिति के 6 नामांकन खारिज
मंडी, 13 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला में पंचायती राज संस्थाओं के सदस्यों के चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच संबंधित रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा पूरी कर ली गई है। जांच के दौरान कुल 54 नामांकन पत्र विभिन्न कारणों से रद्द किए गए हैं, जबकि 14565 उम्मीदवारों के नामांकन सही पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद सही पाए गए उम्मीदवार 14 और 15 मई को सुबह 11 बजे से सायं 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 15 मई को सायं 3 बजे के पश्चात उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्य के कुल 4768 पदों के लिए 14619 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। इनमें से 14565 नामांकन वैध पाए गए हैं।
जिला परिषद के लिए 205 उम्मीदवार मैदान में
उपायुक्त ने बताया कि जिला परिषद के 36 वार्ड सदस्य पदों के लिए कुल 210 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें से बेहल-25 वार्ड से एक नामांकन रद्द किया गया। इसके अतिरिक्त चार उम्मीदवारों द्वारा एक ही पद के लिए दो-दो नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। दोनों नामांकन सही पाए जाने पर नियमानुसार प्रत्येक उम्मीदवार का एक-एक अतिरिक्त नामांकन पत्र निरस्त किया गया। इसके बाद जिला परिषद सदस्य पद के लिए 205 उम्मीदवारों के नामांकन सही पाए गए हैं।
पंचायत समिति चुनाव के लिए 1169 नामांकन वैध
उन्होंने बताया कि 14 पंचायत समितियों के 267 सदस्य पदों के लिए 1175 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। जांच के दौरान 6 नामांकन रद्द किए गए जबकि 1169 नामांकन सही पाए गए हैं।
प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य चुनाव में 43 नामांकन रद्द
उपायुक्त ने बताया कि ग्राम पंचायत प्रधान के 577 पदों के लिए 3008 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 2995 सही पाए गए जबकि 13 नामांकन रद्द हुए।
इसी प्रकार उपप्रधान के 577 पदों के लिए 2973 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें से 2964 नामांकन सही पाए गए जबकि 9 नामांकन रद्द किए गए।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 3311 पदों के लिए 7253 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 7232 नामांकन सही पाए गए जबकि 21 नामांकन पत्र रद्द हुए हैं।

--