हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क में 23 को सफाई अभियान चलाएगी रैडक्रॉस सोसाइटी
हमीरपुर 18 मई। जिला रैडक्रॉस सोसाइटी 23 मई को हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क में सफाई अभियान चलाएगी। एडीसी एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने बताया कि सुबह 9 बजे आरंभ होने वाले इस सफाई अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता, अन्य संगठनों के कार्यकर्ता और आम नागरिक भाग लेकर श्रमदान करेंगे। एडीसी ने हमीरपुरवासियों से इस सफाई अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

============================

मतदान प्रक्रिया को गहनता से समझें सभी अधिकारी : संजीत सिंह
पीठासीन और मतदान अधिकारियों के लिए बड़ू में आयोजित किया गया प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास सत्र

हमीरपुर 18 मई। पंचायतीराज संस्थाओं की मतदान प्रक्रिया को पूर्ण करवाने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों पर तैनात होने वाले उपमंडल हमीरपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सोमवार को यहां बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू के सभागार में प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास के विभिन्न सत्रों के दौरान एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह और अन्य मास्टर ट्रेनर अधिकारियों ने पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
इस अवसर पर एसडीएम संजीत सिंह ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्वक एवं विवादरहित संपन्न करवाने के लिए पीठासीन और मतदान अधिकारियों को सभी नियमों एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने पीठासीन और मतदान अधिकारियों से कहा कि वे मतदान प्रक्रिया और राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों को गहनता के साथ समझें। किसी भी नियम या प्रक्रिया को लेकर उन्हें कोई शंका है तो तुरंत मास्टर ट्रेनरों या अन्य उच्च अधिकारियों से संपर्क करें।
इस प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास में तहसीलदार नरेश पटियाल, नायब तहसीलदार जगदीश ठाकुर, हमीरपुर उपमंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों ने भाग लिया।

=======================================

सलासी में स्थापित किया गया है ‘किताब घर’


हमीरपुर 18 मई। यशपाल साहित्य प्रतिष्ठान नादौन के भवन को गिराकर उसकी जगह राज्य स्तरीय पुस्तकालय के निर्माण की प्रक्रिया आरंभ होने के कारण भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग ने पुराने भवन में चल रहे किताब घर को फिलहाल सलासी में स्थित जिला भाषा अधिकारी कार्यालय एवं संस्कृति सदन में स्थानांतरित कर दिया है।
जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल ने बताया कि यशपाल साहित्य प्रतिष्ठान, नादौन के भवन को गिराया जा रहा है। इसलिए, पुराने भवन में संचालित किए जा रहे किताब घर को अभी अस्थायी तौर पर जिला भाषा अधिकारी कार्यालय एवं संस्कृति सदन सलासी में स्थापित किया गया है, ताकि साहित्य प्रेमियों, पाठकों एवं शोधार्थियों को इस किताब घर में भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी, जिला हमीरपुर और अन्य जिलों के साहित्यकारों एवं लेखकों की पुस्तकें व पत्रिकाएं बिक्री के लिए उपलब्ध करवाई जा सकें।
जिला भाषा अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा नादौन में राज्य स्तरीय आधुनिक पुस्तकालय निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे यहां पाठकों, साहित्यकारों एवं शोधार्थियों को बेहतर अधोसंरचना एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने लेखकों एवं आम पाठकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे संस्कृति सदन सलासी में स्थापित किताब घर में आकर पुस्तकों का अवलोकन करें तथा अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकें खरीदें। विभाग का यह प्रयास साहित्य एवं पठन संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
जिला भाषा अधिकारी ने कहा कि विभाग का उद्देश्य साहित्य, भाषा, कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन के साथ-साथ पाठकों तक पुस्तकों की सहज पहुंच सुनिश्चित करना है।

=================================================

30 जून तक ट्रेड लाइसेंस बनवाएं हमीरपुर के व्यापारी

हमीरपुर 18 मई। नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा ने निगम की परिधि के भीतर आने वाले सभी दुकानदारों, होटल, शोरूम, क्लीनिक और सभी प्रकार की छोटी-बड़ी दुकानों के माध्यम से अपना व्यवसाय चलाने वाले व्यापारियों से आग्रह किया है कि अगर उन्होंने अभी तक ट्रेड लाइसेंस नहीं बनवाए हैं तो वे 30 जून तक अपने लाइसेंस ऑनलाइन लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से बनवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि पहले यह लाइसेंस बनवाने के लिए 15 मई तक का समय दिया गया था, लेकिन स्थानीय व्यापारियों की मांग पर नगर निगम ने इसकी अवधि 30 जून तक बढ़ा दी है। आयुक्त ने कहा कि अगर व्यापारियों को ऑनलाइन लाइसेंस बनवाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, वे नगर निगम कार्यालय में आकर ऑफलाइन भी लाइसेंस बनवा सकते हैं।
आयुक्त ने कहा कि अगर किसी व्यापारी ने 30 जून तक भी अपना ट्रेड लाइसेंस नहीं बनवाया तो उससे प्रतिमाह जुर्माना वसूल किया जाएगा।
==============================================
राजकीय प्राथमिक पाठशाला पुरली में होगी मतगणना

हमीरपुर 18 मई। विकास खंड बमसन की ग्राम पंचायत पुरली के मतगणना केंद्र में बदलाव किया गया है। मतगणना केंद्रों के संबंध में पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि आगामी पंचायत चुनाव के दौरान ग्राम पंचायत पुरली के मतों की गिनती राजकीय प्राथमिक पाठशाला पुरली में होगी। उन्होंने बताया कि पहले इस पंचायत का मतगणना का स्थान पंचायत कार्यालय निर्धारित किया गया था, लेकिन अब इसे राजकीय प्राथमिक पाठशाला पुरली कर दिया गया है।
=============================================
पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 के लिए दूसरे चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित

ऊना, 18 मई। पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आज(सोमवार) को राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में दूसरे चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार ने की। इस पूर्वाभ्यास में कुल 728 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 208 पीठासीन अधिकारी तथा 520 मतदान अधिकारी शामिल रहे।

इस दौरान चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न चरणों की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। जिला पंचायत अधिकारी ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण एवं रिहर्सल के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से ग्रहण करें तथा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सजगता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि आगामी 26, 28 और 30 मई को मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक संपन्न करवाई जाएगी। पूर्वाभ्यास के दौरान मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन, मतदान की विधि तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

श्रवण कुमार ने बताया कि तीसरे चरण का पूर्वाभ्यास 24 मई को राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर बीडीओ रमनवीर चौहान, दीपक जोशी, विकास सैनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

===================================================
थल सेना भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा पहली जून से 15 जून तक
बिलासपुर 18 मई: थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि थल सेना भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जेसीओ, ओआर एवं अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) पहली जून से 15 जून तक आयोजित किया जाएगा। थल सेना की वेबसाइट के माध्यम से जारी अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन सीईई के लिए अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 15 मई को जारी कर दिए गए हैं।
कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि अभ्यर्थी अपने पंजीकरण विवरण का उपयोग कर भारतीय सेना की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि वह परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों, परीक्षा की तिथि, परीक्षा केंद्र तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए समय-समय पर इस वेबसाइट का अवलोकन करते रहें और एडमिट कार्ड में अंकित सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच कर लें।

================================================

अग्निवीर लिपिक और स्टोर कीपर भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित
बिलासपुर 18 मई: थल सेना अग्निवीर भर्ती 2025-26 के अंतर्गत जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के युवाओं के लिए आयोजित अग्निवीर लिपिक और स्टोर कीपर की भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित कर दिया गया है।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि यह परिणाम वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है। उन्होंने सभी सफल उम्मीदवारों से अपील की है कि वह 19 मई को सुबह 9 बजे थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर में आगामी औपचारिकताओं के लिए रिपोर्ट करें।

=============================================
एक राशन कार्ड पर दो घरेलू बिजली कनेक्शनों को ही मिलेगी सब्सिडी

मंडी, 18 मई। हिमाचल प्रदेश सरकार तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के निर्देशों के अनुसार अब एक राशन कार्ड पर अधिकतम दो घरेलू विद्युत कनेक्शनों पर ही बिजली सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा। विद्युत उपमंडल साईग्लू के सहायक अभियंता ई. विनीत ठाकुर ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के एक राशन कार्ड पर दो से अधिक बिजली मीटर अथवा उपभोक्ता आईडी दर्ज हैं और वे सब्सिडी के लिए उपभोक्ता आईडी में परिवर्तन करवाना चाहते हैं, वे हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट HPSEBL के Consumer Portal-Update Ration Subsidy विकल्प के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ता संख्या दर्ज कर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर उपभोक्ता आईडी में बदलाव किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त उपभोक्ता विद्युत उपमंडल साईग्लू कार्यालय में आवेदन पत्र तथा राशन कार्ड की प्रति जमा कर भी सरकारी सब्सिडी के लिए उपभोक्ता आईडी फ्लैग अथवा अनफ्लैग करवाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।