पूर्व सैनिकों के लिए डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव एवं कानूनी जागरूकता कार्यक्रम 5 जून को
बिलासपुर, 02 जून: पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को डिजिटल धोखाधड़ी, साइबर अपराधों तथा सेवा एवं पेंशन संबंधी कानूनी मामलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 5 जून को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बिलासपुर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस बारे जानकारी देते हुए उपनिदेशक सैनिक कल्याण बिलासपुर स्क्वाड्रन लीडर (सेवानिवृत) मनोज राणा ने बताया कि यह कार्यक्रम अधिवक्ता दीपक भट्ट द्वारा विभिन्न जिलों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों और वरिष्ठ नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाले वित्तीय जोखिमों के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही सेवा संबंधी विवादों, पेंशन मामलों तथा अन्य कानूनी समस्याओं के समाधान और उपलब्ध कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों को सशस्त्र बल अधिकरण (एएफटी) तथा अन्य न्यायिक मंचों पर लंबित मामलों की स्थिति, अद्यतन जानकारी और उनसे संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में परामर्श दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कानूनी अधिकारों, पेंशन संबंधी प्रावधानों तथा सेवा मामलों से जुड़े विभिन्न विषयों पर संक्षिप्त व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे पूर्व सैनिकों की कानूनी समझ और जागरूकता को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने जिले के सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके परिवारजनों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है ताकि वह डिजिटल सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सेवा संबंधी विषयों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकें तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से स्वयं को सुरक्षित रख सकें।

============================================

05 जून को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में बैठेगा जिला मेडिकल दिव्यांगता बोर्ड
बिलासपुर, 02 जून: मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए जिला मेडिकल दिव्यांगता बोर्ड 05 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर के नवीन ओपीडी परिसर के कक्ष संख्या 203 में बैठेगा। बोर्ड की कार्यवाही अंतिम लाभार्थी के चिकित्सीय परीक्षण तक जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि जिला मेडिकल दिव्यांगता बोर्ड की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा करेंगे। बोर्ड में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव गौतम, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र शर्मा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत शर्मा, जनरल सर्जन डॉ. तरुण कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित चैहान, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. नरेश चौहान, मनोचिकित्सक डॉ. आयुष शर्मा तथा नैदानिक मनोवैज्ञानिक श्रीमती ज्योत्सना गौतम सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पात्र दिव्यांगजनों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित हों ताकि उनकी दिव्यांगता का परीक्षण कर प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रचलित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक दिव्यांगता प्रमाण पत्र को जिला मेडिकल दिव्यांगता बोर्ड के कम से कम दो नामित सदस्यों द्वारा प्रमाणित एवं अनुमोदित किया जाना अनिवार्य है।

============================

4 जून को दाड़ी फीडर के तहत बिजली बंद रहेगी

धर्मशाला, 2 जून: सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल नम्बर-2 धर्मशाला ने जानकारी दी है कि विद्युत लाईनों के उचित रख-रखाव के चलते 11 के.वी. दाड़ी फीडर के तहत शीला चैक, पास्सू, अचीवर हब, भटेड़ व साथ लगते क्षेत्रों में 4 जून 2026 को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।