जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 8 को

बिलासपुर, 06 जून: उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला परिषद बिलासपुर के सभी 14 वार्डों के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 8 जून को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत संसाधन केंद्र भवन के प्रशिक्षण हॉल हॉल में आयोजित किया जाएगा।

इस शपथ ग्रहण समारोह में जिला के सभी नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।

--------------------------------------------------

बिलासपुर में 2175 अभ्यर्थी देंगे राज्य पात्रता परीक्षा (सेट), 2026, परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी
जिला में 9 परीक्षा केंद्र स्थापित, अभ्यर्थी समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें: ओम कांत ठाकुर

बिलासपुर, 06 जून: अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने रविवार 7 जून को निर्धारित हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग, शिमला की निर्धारित राज्य पात्रता परीक्षा, 2026 के सफल संचालन के दृष्टिगत संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, परिवहन तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा के सफल आयोजन के लिए निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर में सेट परीक्षा के लिए कुल 9 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 2175 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। उन्होंने बताया कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में दो परीक्षा केंद्रों के अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) बिलासपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या) बिलासपुर, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बिलासपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठीपुरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) घुमारवीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या) घुमारवीं तथा शिवा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित यह परीक्षा दो सत्रों में संपन्न होगी। पहला सत्र प्रातः 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2ः30 बजे से सायं 4ः30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का आग्रह किया।
ओम कांत ठाकुर ने बताया कि प्रथम सत्र के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार प्रातः 10ः30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना सुनिश्चित करें तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री जैसे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
बैठक में शिक्षा, पुलिस, जल शक्ति एवं अन्य विभागों सहि हिमाचल पथ परिवहन निगम, विद्युत बोर्ड के अधिकारी भी मौजूद रहे।

===============================

डिजिटल प्लेटफॉर्म से राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचेगा स्थानीय उद्यम

स्वारघाट में उद्योग विभाग ने रैम्प कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यशाला का किया आयोजन
बिलासपुर, 06 जून: महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र बिलासपुर मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा स्वयं सहायता समूहों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उद्योग विभाग ने शुक्रवार को स्वारघाट स्थित सरकारी विश्राम गृह में रैम्प (रेजिंग एंड एक्सेलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस) कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में डिजिटल साक्षरता, वित्तीय प्रबंधन तथा गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) के माध्यम से सरकारी खरीद प्रणाली में भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने बताया कि तेजी से बदलते व्यावसायिक परिवेश में डिजिटल तकनीक छोटे उद्यमों के लिए नए अवसर लेकर आई है। ऐसे में स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को आधुनिक डिजिटल साधनों से जोड़ना समय की मांग है। इसी उद्देश्य से आयोजित कार्यशाला में 30 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में प्रसार अधिकारी (उद्योग) सदर एवं प्रशिक्षक प्रकाश बंसल, रैम्प कार्यक्रम की वरिष्ठ सलाहकार संगीता सोनी, आशुतोष तथा सलाहकार संस्कृति शर्मा ने प्रतिभागियों को डिजिटल व्यवसाय प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने सोशल मीडिया, व्हाट्सएप बिजनेस, डिजिटल भुगतान प्रणाली और ऑनलाइन मार्केटिंग टूल्स के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। इसके अतिरिक्त वित्तीय प्रबंधन, बजट निर्माण, नकदी प्रवाह नियंत्रण, बैंकिंग सेवाओं के बेहतर उपयोग तथा विभिन्न सरकारी वित्तीय सहायता योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
दूसरे सत्र में गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) पोर्टल पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि जीईएम प्लेटफॉर्म के माध्यम से एमएसएमई, स्वयं सहायता समूह और स्टार्टअप सीधे विभिन्न सरकारी विभागों को अपने उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध करा सकते हैं। इससे उद्यमियों को पारदर्शी खरीद प्रणाली, समयबद्ध भुगतान तथा देशव्यापी बाजार तक पहुंच का अवसर प्राप्त होता है।
कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण ऑन-द-स्पॉट जीईएम पंजीकरण एवं ऑनबोर्डिंग अभियान रहा। इस दौरान कई महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने मौके पर ही विक्रेता के रूप में अपना पंजीकरण करवाया। विभागीय अधिकारियों और विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की तकनीकी समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें पोर्टल के उपयोग संबंधी व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की।
कार्यशाला में प्रसार अधिकारी (उद्योग) सदर प्रकाश बंसल, रैम्प कार्यक्रम की वरिष्ठ सलाहकार संगीता सोनी, सलाहकार संस्कृति शर्मा, आशुतोष सहित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्याओं, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों तथा स्थानीय व्यवसायियों ने भाग लिया।