चंबा 8 जून 2026,
सुप्रसिद्ध पर्यटक स्थल खजियार दुनिया के श्रेष्ठ पर्यटक स्थलों में शुमार-ज्ञानेश कुमार मुख्य निर्वाचन आयुक्त
सरकार व प्रशासन का मेहमान बाजी के लिए आभार व्यक्त किया
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को सुबह सपरिवार सुप्रसिद्ध पर्यटक स्थल खजियार की खूबसूरती का आनंद लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्व विख्यात पर्यटक स्थल खजियार दुनिया के श्रेष्ठ खूबसूरत पर्यटक स्थलों में से एक है तथा यहां की शांत वादियां, स्वच्छ वातावरण तथा मनमोहक खूबसूरती का दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने जिला चंबा के दौरे के दौरान राज्य सरकार व जिला प्रशासन का मेहमान बाजी व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्य चुनाव आयुक्त इसके उपरांत खजियार से जिला कांगड़ा के लिए रवाना हुए।
इस दौरान उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, एसडीएम प्रियांशु खाती,हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन मुरारी लाल व नीरज चांदला एसी टू डीसी मनमोहन सिंह, जिला विकास अधिकारी तविंद्र चिनौरिया, तहसीलदार (निर्वाचन) अनूप डोगरा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
=========================
समाधान समारोह के तहत होगी लोक अदालत
मामलों को आपसी सहमति से निपटाने का मौका
सर्वोच्च न्यायालय में समाधान समारोह 2026 के तहत लगाई जाएंगी विशेष लोक अदालतें
चम्बा, 8 जून -सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण चम्बा, एकांश कपिल ने बताया कि आम लोगों के लिए न्याय सुलभ बनाने के सर्वोच्च न्यायालय के प्रयासों की कड़ी में 21 अप्रैल से सर्वोच्च न्यायालय के परिसर में समाधान समारोह 2026 का शुभारंभ किया गया है। इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न मुकदमों का निपटारा आपसी सहमति संवाद और मध्यस्थता से किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि 21, 22 तथा 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय के परिसर में विशेष लोक अदालतों के आयोजन के साथ ही इस विशेष अभियान का समापन होगा। उन्होंने बताया कि समाधान समारोह के तहत 21 अप्रैल 2026 से ही सुलह एवं मध्यस्थता बैठकों का आयोजन प्रारंभ हो चुका है। ये बैठकें राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं समितियों के अंतर्गत स्थापित मध्यस्थता केंद्रों में आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच सहमति बनाने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी भाग ले सकते हैं।
सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण चम्बा एकांश कपिल ने अधिवक्ताओं एवं सभी संबंधित पक्षकारों से आग्रह किया है कि वे इस विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने मामलों के समाधान के लिए आगे आएं। उन्होंने बताया कि लंबित मामलों को समाधान समारोह, विशेष लोक अदालत 2026 में शामिल करने के लिए एक सरल गूगल फॉर्म तैयार किया गया है जो सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.sci.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक पक्षकार दिए गए लिंक https://forms.gle/pRWbif6wAPrcgMsZ8 के माध्यम से फॉर्म भरकर अपने मामले को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करवा सकते हैं। गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए समाधान समारोह हेतु स्थापित वन स्टॉप सेंटर से संपर्क किया जा सकता है जिसके दूरभाष नंबर 011-23115652 तथा 011-23116464 हैं। इसके अतिरिक्त सीआरपी निदेशक से दूरभाष नंबर 011-23116465 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
========================================
जिला रोजगार कार्यालय चंबा द्वारा 12 जून को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन
चंबा, 8 जून-जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताव कि जिला रोजगार कार्यालय बालू, चंबा द्वारा हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 12 जून को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। यह भर्ती प्रक्रिया बार्बीक्यू नेशन हॉस्पिटेलिटी लिमिटेड द्वारा लगभग 100 रिक्त पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी 12 जून को प्रातः 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय बालू में आयोजित होने वाले साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं अथवा डिप्लोमा निर्धारित की गई है, जबकि अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 19,600 प्रति माह (सीटीसी) वेतन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा निःशुल्क भोजन एवं आवास, पीएफ, ईएसआई, इंसेंटिव तथा अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को ऑन जॉब ट्रेनिंग के साथ-साथ मान्यता प्राप्त मेधावी यूनिवर्सिटी से होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा अथवा डिग्री प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। यह डिप्लोमा एवं डिग्री कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क होगा तथा इसके लिए अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रशिक्षण एवं अध्ययन सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा अथवा डिग्री प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, रोजगार पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण-पत्र तथा दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो लाने होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7009060387 पर संपर्क किया जा सकता है।
=================================================
बच्चे भी उठा सकते हैं नालसा की मुफ्त कानूनी सहायता का लाभ
चंबा, 8 जून- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एकांश कपिल ने बताया कि आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ की हैं । इन योजनाओं में मुफ्त कानूनी सहायता योजना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में नालसा ने बच्चों के लिए भी चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रेन स्कीम 2024 आरंभ की है, जिसके तहत हर बच्चे के लिए मुफ्त कानूनी सहायता का प्रावधान किया गया है ।
वहीं बच्चों को जानकारी पाने का अधिकार, अपना पक्ष रखने तथा उसके पक्ष को गंभीरता से सुनने तथा गोपनीयता का अधिकार दिया गया है। उन्होंने बताया की मुफ्त कानूनी सहायता के लिए नालसा ने टोल फ्री नंबर 15100 पर हेल्पलाइन आरंभ की है । इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी संपर्क किया जा सकता है, जबकि दिव्यांगो को भी मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के लिए 14456 हेल्पलाइन नंबर आरंभ किया है ।