चण्डीगढ़, 05.07.26- : भारत विकास परिषद, चण्डीगढ़ प्रांत द्वारा 5 जुलाई को आयोजित किए जाने वाले प्रांतीय स्तरीय वन महोत्सव की तैयारियों के अंतर्गत शनिवार को सेवा भारती, सेक्टर-29 में परिषद की विभिन्न शाखाओं को विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। प्रांतीय पर्यावरण संयोजक अजय सिंगला ने बताया कि वन महोत्सव के अंतर्गत परिषद की सभी शाखाएं अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगी। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच प्रत्येक नागरिक का अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है।

पौधा वितरण कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष एम. के. विरमानी, प्रांतीय वित्त सचिव श्रीमती जसपिंदर सुरी, सेंट्रल ज़ोन पर्यावरण संयोजक सरदार जसजोत सिंह, ईस्ट-1 अध्यक्ष श्रीमती नीलम गुप्ता, वेस्ट ज़ोन संयोजक विकास, ईस्ट ज़ोन से प्रमोद आहूजा, सेवा भारती अध्यक्ष राजिंदर जैन तथा ऑर्गेनिक शेयरिंग के राहुल महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की विभिन्न शाखाओं के लगभग 65 सदस्यों ने भाग लिया। सभी शाखाओं के प्रतिनिधियों को पौधे वितरित किए गए, जिन्हें 5 जुलाई को आयोजित वन महोत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों पर रोपित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।