सीएसआर के तहत संचालित विकासात्मक परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करें अधिकारी: उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

चम्बा, 4 अगस्त-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल कि अध्यक्षता में आज सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएन) द्वारा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत आकांक्षी जिला चम्बा में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उपायुक्त ने जिला में स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्रों को सुदृढ़ बनाने तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से सीएसआर के तहत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा कर अधिकरियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि सीएसआर के अंतर्गत आईसीडीएस विभाग के माध्यम से बच्चों में कुपोषण एवं अवरुद्ध वृद्धि (स्टंटिंग) को कम करने के लिए लगभग 4 करोड़ 76 लाख 34 हजार की धन राशि परियोजना को स्वीकृत की गई है और अब तक लगभग 1 करोड़ 20 लाख 58 हजार रुपये व्यय किए जा चुके हैं तथा कार्य आईसीडीएस विभाग के माध्यम से प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि जिले में प्रारंभिक सर्वेक्षण के दौरान 4,687 बच्चे कुपोषित पाए गए थे। विभाग द्वारा संचालित विशेष पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी हस्तक्षेपों के परिणामस्वरूप यह संख्या घटकर 2,269 रह गई है। विभाग द्वार धात्री माताओं और 5 साल तक के बच्चों को हर माह नुट्रिशन बार और पोर्रिज पाउडर की अतिरिक्त डाइट प्रदान की जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर प्रयासों से शीघ्र ही जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होगी।
उपायुक्त ने बताया कि सीएसआर के अंतर्गत पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के लिए आधुनिक 4-डी अल्ट्रासाउंड मशीन की खरीद एवं स्थापना भी की गई है जिससे आम जनता को गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिहुंता में प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने का कार्य पूर्ण किया जा चूका है और चुवाड़ी में हाई मास्ट लाइट स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है।
मुकेश रेपस्वाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सीएसआर के अंतर्गत एसजेवीएन द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही धनराशि का समयबद्ध एवं समुचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि लाभार्थियों को इन योजनाओं एवं परियोजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।
बैठक में एसजऐवीएन की ओर से उप महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष शैलेश दत्त उपस्थित रहे, उन्होंने विश्वास दिलाया कि एसजेवीएन सीएसआर के माध्यम से क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन निरंतर करता रहेगा।
इस दौरान जिला योजना अधिकारी डॉ.देवेंदर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कमल किशोर शर्मा उपस्थित रहे।