चण्डीगढ़, 04.08.26- : स्थानीय व्यापारियों की लंबे समय से लंबित विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (एआईयूवीएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता ने आश्वासन दिया कि चंडीगढ़ के व्यापारियों से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों को केंद्रीय गृह मंत्रालय एवं अन्य संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा, ताकि उनका शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान सुनिश्चित हो सके।
यह आश्वासन उन्हें चंडीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) द्वारा आयोजित स्वागत एवं सम्मान समारोह के दौरान दिया गया। ये जानकारी देते हुए सीबीएम के
उपाध्यक्ष एवं आधिकारिक प्रवक्ता दिवाकर साहूंजा ने बताया कि इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने व्यापारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं मांगों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपा, जिस पर विस्तृत चर्चा हुई।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें लंबित वैट असेसमेंट मामलों के निपटारे हेतु वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना लागू किए जाने, व्यावसायिक भवनों को तर्कसंगत शुल्क पर फ्रीहोल्ड करने की नीति बनाए जाने,
छोटे व्यापारियों एवं कंपोजिशन डीलरों द्वारा दिए जाने वाले किराए पर लगाए जा रहे 18 प्रतिशत जीएसटी की समीक्षा कीकिए जाने, व्यापार को सरल एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक जीएसटी सुधार किए जाने व व्यापारिक आवश्यकताओं के अनुरूप बिल्डिंग बायलॉज़ में व्यावहारिक संशोधन किए जाने की थीं।
बैठक से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता, सीबीएम अध्यक्ष संजीव चड्ढा तथा चेयरमैन चरणजीव सिंह ने लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की।
सेक्टर-43 स्थित होटल गौर में आयोजित लगभग तीन घंटे तक चले स्वागत समारोह एवं रात्रिभोज में व्यापार जगत से जुड़े अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान नरेश महाजन, बलविंदर सिंह, राधेलाल बजाज, सतपाल गुप्ता, बलजिंदर गुजराल, मोहित सूद एवं रमेश कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी व्यापारियों की समस्याओं एवं उनके समाधान के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
अंत में सीबीएम के चेयरमैन चरणजीव सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।