एडीसी ने नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के साथ सड़क सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश *

*एन-कॉर्ड एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित *

ऊना, 29 अगस्त। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना इशांत जसवाल ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने तथा सड़क सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा उन्मूलन और सड़क सुरक्षा दोनों ही जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं, जिनके लिए प्रशासन, पुलिस, विभागों तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

एडीसी शनिवार को डीआरडीए सभागार ऊना में एन-कॉर्ड (राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल) के तहत गठित जिला स्तरीय समिति तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर बढ़ाएं जागरूकता

एन-कॉर्ड समिति की बैठक में एडीसी ने विद्यालय स्तर पर नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता गतिविधियों को और बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे की ओर आकर्षित होने की संभावित स्थिति वाले बच्चों एवं युवाओं की समय रहते पहचान कर उनकी उचित काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें नशे से दूर रखते हुए सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा सके।

उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल, शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों तथा अन्य सकारात्मक माध्यमों से जोड़कर नशे के विरुद्ध मजबूत सामाजिक वातावरण तैयार किया जा सकता है।

एडीसी ने सभी नशा निवारण समितियों को नियमित बैठकें आयोजित करने तथा स्थानीय समुदाय, युवाओं, महिला मंडलों और सामाजिक संगठनों को अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को तत्काल प्रशासन एवं पुलिस के संज्ञान में लाने को कहा।

उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर, पुलिस तथा संबंधित विभागों को मेडिकल स्टोर एवं केमिस्ट दुकानों का नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दवाओं की बिक्री, उपलब्ध स्टॉक और रिकॉर्ड की निरंतर निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एंटी-चिट्टा अभियान को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

स्कूल, कॉलेज व अस्पतालों के आसपास सड़क सुरक्षा को दें प्राथमिकता

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एडीसी ने मुख्य सड़क मार्गों पर स्थित स्कूल, कॉलेज एवं अस्पतालों के आसपास आवश्यक सांकेतिक चिह्न लगाने तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए, ताकि विद्यार्थियों, मरीजों, राहगीरों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने जिले के प्रमुख बाजारों में घोषित नो-पार्किंग एवं नो-वेंडिंग जोन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम एवं पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

अतिरिक्त उपायुक्त ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, पुलिस एवं लोक निर्माण विभाग को जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत विश्लेषणात्मक आंकड़ा तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसमें दुर्घटनाओं के स्थान, संख्या, संभावित कारणों तथा अन्य संबंधित पहलुओं का विवरण शामिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम द्वारा सुझाए गए उपायों तथा विभिन्न विभागों से प्राप्त आंकड़ों को समाहित करते हुए जिला सड़क सुरक्षा योजना को और सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

एडीसी ने कहा कि नशा मुक्त एवं सुरक्षित ऊना के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन सभी संबंधित विभागों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं और आमजन के सहयोग से निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने सभी विभागों से अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए जनहित में समन्वित प्रयासों को और गति देने का आह्वान किया।

बैठक में एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल, डीएसपी ऊना हेमराज सहित परिवहन, लोक निर्माण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

================================
नादौन अस्पताल के पुराने भवन की नीलामी 23 सितंबर को

नादौन 29 अगस्त। खंड चिकित्सा अधिकारी नादौन के कार्यालय परिसर में नागरिक अस्पताल के पुराने भवन को गिराने और उसके मलबे को उठाने के लिए उक्त भवन की नीलामी प्रक्रिया 23 सितंबर को सुबह 11 बजे आरंभ की जाएगी।
इस पुराने भवन की नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति 23 सितंबर सुबह 11 बजे तक दस हजार रुपये के बैंक ड्राफ्ट एफडीआर के रूप में खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नादौन में जमा करवाकर नीलामी में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
==========================================
चंबा 29 अगस्त 2026,
चमेरा ।। पावर स्टेशन के जलाशय की फ्लशिंग 29 अगस्त रात्रि 11:00 बजे से,
चमेरा ॥ पावर स्टेशन के जलाशय की फ्लशिंग दिनांक 29 अगस्त 2026 को रात्री 11 बजे से लेकर दिनांक 30 अगस्त 2026 शाम 6 बजे (अनुमानित) तक करने का प्रस्ताव है, जो कि बग्गा में चमेरा ॥ बांध के जलाशय में होने वाले अतिरिक्त प्रवाह पर निर्भर होगा। यह जानकारी महा प्रबंधक चमेरा टू पावर स्टेशन ने आज यहां दी। उन्होंने बताया कि सिल्ट फ्लशिंग के दौरान बग्गा स्थित चमेरा ॥ के डैम के गेट खोलकर पानी धीरे- धीरे तब तक छोड़ा जायेगा जब तक कि नदी का फ्री फ्लो न आ जाए जो की दिनांक 29 अगस्त 2026 को रात्री 11 बजे से लेकर 30 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे तक अनुमानित है तथा इस दौरान चमेरा ।। के डैम के निचले स्तर पर रावी नदी में पानी बढ़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि इस दौरान बग्गा स्थित चमेरा ॥ के डैम के निचले स्तर पर रह रहे रिहायशी इलाकों को सतर्क करने के दृष्टिगत विभिन्न प्रयास किए गए हैं जिसके तहत स्थानीय समाचार पत्रों एवं स्थानीय इलेक्ट्रोनिक/सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार के अलावा, पानी छोड़ने से पूर्व सायरन/हूटर बजाना,
बग्गा स्थित चमेरा ॥ डैम से लेकर चमेरा ।। के जलाशय तक गाड़ी द्वारा प्रचार करना तथा ग्राम प्रधानों को व्हाट्सप्प एवं एसएमएस के माध्यम से सूचित किया जाना शामिल है।
====================================================
बोहनी और टिक्कर में बदले जा चुके हैं 360 विद्युत मीटर

हमीरपुर 29 अगस्त। विद्युत उपमंडल लंबलू के सहायक अभियंता ऋषि धीमान ने बताया कि उपमंडल के पांचों अनुभागों लंबलू, बोहनी, ताल, टिक्कर और भिड़ा में पुराने घरेलू मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है। उन्हांेने बताया कि बोहनी और टिक्कर अनुभाग में लगभग 360 मीटरों को बदल दिया गया है। सहायक अभियंता ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से इस कार्य में सहयोग देने की अपील की है।
====================================================
साइकोलॉजी शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित

हमीरपुर 29 अगस्त। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में साइकोलॉजी के शिक्षकों के 114 पदों को पोस्ट कोड-26031 के अंतर्गत फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि साइकोलॉजी के शिक्षकों के 114 पदों के लिए 91 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 77 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण 74 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है जोकि 11 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में आरंभ होगी। इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर दी जाएगी। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डाउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
==================================================
आरसेटी ने करहा पंचायत में मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस

भोरंज 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर ने शनिवार को भोरंज उपमंडल की ग्राम पंचायत करहा में एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक ने इस दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और स्थानीय लोगों, संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई।