शिमला, 29.09.26-: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने शाहपुर के पूर्व विधायक एवं मंत्री विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उनका जन्म 23 नवम्बर, 1939 को गाँव तियारा, जिला काँगड़ा में हुआ था। उन्होने वर्ष 1960 में देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी में प्रवेश लिया। अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान प्रतिष्ठित ‘स्वॉर्ड ऑफ ऑनर’ तथा स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वर्ष 1962 में भारतीय सेना की प्रथम गोरखा राइफल में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त किया। 1962 के चीन-भारत युद्व तथा 1965 और 1971 के भारत- पाकिस्तान युद्वों में भी भाग लिया। भूटान में 4 वर्षों तक रॉयल भूटान आर्मी के साथ सेवा की। वर्ष 1976 में भारतीय सेना से समयपूर्व सेवानिवृति ली।
विधान सभा अध्यक्ष ने अपने शोक संदेश में कहा कि विजय सिंह मनकोटिया एक कद्दावर नेता थे। वह वर्ष 1982 में पहली बार शाहपुर विधान सभा क्षेत्र से विधान सभा के सदस्य चुने गए। वह शाहपुर विधान सभा क्षेत्र से पाँच बार विधान सभा के सदस्य चुने गए इसी दौरान वह दो बार हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री भी रहे। उनका व्यक्तित्व मिलनसार था वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनकी यह खासियत थी कि वे राजनीति, प्रशासन और समाज सेवा को हमेशा संतुलित रखते थे।
पठानियां ने कहा कि प्रदेश ने विजय सिंह मनकोटिया के रूप में एक होनहार तथा कर्तव्य निष्ठ नेता खोया है जिसकी भरपाई करना नामुमकिन है। पठानियां ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।