चण्डीगढ़, 11.10.26- : सृजन, एन इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिएटिविटी के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. डी.एस. गुप्त के 90वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सृजन के अध्यक्ष सोमेश गुप्ता एवं सी.एल.अग्रवाल डीएवी मॉडल स्कूल, सेक्टर 7-बी के प्रिंसिपल श्रीमती ज्योतिका आहूजा द्वारा अंतरविद्यालयी कविता पाठ प्रतियोगिता 'काव्यधारा-2026' का आयोजन करवाया गया जिसमें ट्राई-सिटी के 18 स्कूलों के विद्यार्थियों ने भागीदारी करते हुए डॉ. डी.एस. गुप्त द्वारा लिखी कविताओं का सस्वर पाठ किया गया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम की शुरुआत में सरस्वती वंदना का पाठ किया एवं सृजन के सदस्य ने राष्ट्र-गीत गाया।
सेवानिवृत पुलिस अधीक्षक रोशन लाल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल रहे एवं जिला न्यायालय चंडीगढ़ की एडवोकेट श्रीमती रिद्धि सोनी सम्मानित अतिथि के तौर पर शामिल रहे। काव्य धारा 2026 में बिजेंद्र सिंह चौहान को राष्ट्रीय संरक्षण सम्मान और अनिल 'चिंतक' को राष्ट्रीय गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
शिक्षाविद् श्रीमती अरुणा डोगरा शर्मा एवं सुरेन्द्र पाल सोनी काकडौद निर्णायक मंडल की भूमिका में शामिल रहे। उन्होंने प्रतिभागियों के कविता पाठ कौशल, अभिव्यक्ति, उच्चारण, स्वर-लहर और समग्र प्रस्तुति का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता दो चरणों में सम्पन्न हुई जिसमें वरिष्ठ वर्ग में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, पंचकूला की हरप्रीत ने प्रथम स्थान हासिल किया। सी.एल. अग्रवाल डीएवी मॉडल स्कूल, सेक्टर-7बी की स्वाति ने द्वितीय तथा सेंट जॉन हाई स्कूल, सेक्टर-26, के रूहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कर्नल वी.आर. मोहन डीएवी पब्लिक स्कूल, डेराबस्सी की सोनिया को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
*जूनियर वर्ग के परिणाम
जूनियर वर्ग में भवन विद्यालय, पंचकूला की आध्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डीएवी मॉडल स्कूल, सेक्टर-15, चंडीगढ़ की आरशी द्वितीय तथा सेंट जॉन हाई स्कूल के तेजस तृतीय स्थान पर रहे। केबी डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7 के लक्षित को सांत्वना पुरस्कार मिला।
उत्कृष्ट ओवर-ऑल प्रदर्शन के लिए कर्नल वी. आर. मोहन डीएवी पब्लिक स्कूल, डेरा बस्सी को ओवर-ऑल टीम ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि रोशन लाल ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास की प्रशंसा की। सृजन के अध्यक्ष सोमेश ने कविता-पाठन में शुद्ध उच्चारण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सृजन के उद्देश्यों और उपलब्धियों पर भी रौशनी डाली।
सी.एल.अग्रवाल डीएवी मॉडल स्कूल, सेक्टर - 7बी की प्रिंसिपल श्रीमती ज्योतिका आहूजा ने इस अवसर अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों में साहित्य के प्रति रूझान होना बहुत महत्वपूर्ण है। श्रीमती रिद्धि सोनी, सम्मानित अतिथि, ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही कविता पढ़ने-लिखने के प्रति दिलचस्पी होना साहित्य को जिन्दा रखने के लिए बहुत आवश्यक है। सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये गये।