वरिष्ठ पत्रकार नारायण प्रभाकर की माता के निधन पर जताया शोक
ऊना, 10 नवंबर. प्रेस क्लब हरोली के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार नारायण प्रभाकर की माता श्रीमती कांता रानी के निधन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव कुमार, उपायुक्त जतिन लाल तथा जिला लोक संपर्क अधिकारी ऊना सहित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इसके अलावा प्रेस क्लब ऊना, हरोली, बंगाणा, अंब और गगरेट की कार्यकारिणियों ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
श्रीमती कांता रानी 85 वर्ष की थीं और लंबे समय से आयु संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। मंगलवार तड़के उनका निधन हो गया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
===================================
कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा कृषि मशीनरी खरीद हेतु एग्री मशीनरी पोर्टल 11 नवंबर 2026 (11 AM) से वर्ष (2026-27) के लिए पुनः आरम्भ।
कृषि अभियांत्रिकी के अंतर्गत सरकार द्वारा पहाड़ी खेती के मशीनीकरण हेतु प्रदेश किसानों में नये विकसित उपकरण तथा आधुनिक मशीनरी को प्रचलित किया जा रहा है। विभाग द्वारा किसानों को बड़े स्तर पर पावर टिलर व पावर वीडर एवं अन्य कृषि उपकरण उपदान पर उपलब्ध करवायें जा रहे है। कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश कृषि अभियान्त्रिकी उप मिशन (SMAM) के अंतर्गत किसानों को जो भी कृषि उपकरण अनुदान पर मिलते हैं उसके लिए किसान कृषि विभाग के डी बी टी पोर्टल “agrimachinery.nic.in” के माध्यम से अप्लाई कर सकते हैं । पोर्टल पूर्ण पारदर्शी तरीके से तथा लॉटरी सिस्टम के सिद्धांत पर काम करता है।
यह पोर्टल 11 नवंबर 2026 (11 AM) से वर्ष 2026-27 के लिए पुनः सक्रिय हो जायेगा तथा हर जरूरतमंद किसान इसके माध्यम से 16 नवंबर 2026 तक अप्लाई कर सकता है। 17 नवंबर 2026 को लॉटरी के माध्यम से किसानों को संबंधित उपकरणों के लिए चयनित किया जाएगा। कृषि यंत्र लघु, सीमांत, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध होगें। किसानों से आग्रह रहेगा कि किसान केवल भारत सरकार से पंजीकृत फर्म/ स्वीकृत मॉडल ही खरीदें ताकि बाद में उन्हें किसी भी तरह की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े।
======================================
सुजानपुर में किचन हैल्पर और स्टीवर्ड के साक्षात्कार 18 को
हमीरपुर 10 नवंबर। पर्यटन एवं होटल क्षेत्र की प्रसिद्ध कंपनी बारबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में किचन हैल्पर और स्टीवर्ड के 400 पद भरे जा रहे हैं। इन पदों के लिए 18 नवंबर को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि किचन हैल्पर के लिए 10वीं या 12वीं पास 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को पीएफ और ईएसआई को मिलाकर कुल 16000 रुपये वेतन मिलेगा। स्टीवर्ड के पदों के लिए अभ्यर्थी के पास फूड एंड सर्विस का एक वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। इन पदों के लिए भी 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को खाने एवं रहने तथा अन्य सुविधाओं सहित कुल 20,000 रुपये वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
===============
वरिष्ठ पत्रकार अरुण डोगरा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त
बिलासपुर 10 नवम्बर: बिलासपुर के वरिष्ठ पत्रकार अरुण डोगरा के निधन पर निदेशक सूचना एवं जन संपर्क राजीव कुमार सहित विभाग के सभी अधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अरुण डोगरा पिछले दिनों एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे तथा एम्स बिलासपुर में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।
राजीव कुमार ने कहा कि अरुण डोगरा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में निष्पक्षता, निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी, समर्पित एवं संवेदनशील पत्रकार खो दिया है।
शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए निदेशक सूचना एवं जन संपर्क राजीव कुमार सहित विभाग के सभी अधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
==================
कृषि मशीनरी की खरीद के लिए एग्री मशीनरी पोर्टल 11 नवंबर से खुलेगा, बिलासपुर के किसान 16 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
17 नवंबर को लॉटरी के माध्यम से होगा किसानों का चयन, पात्र किसानों को कृषि उपकरणों की खरीद पर मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान
बिलासपुर, 10 नवंबर: कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कृषि मशीनरी की खरीद पर अनुदान प्राप्त करने हेतु एग्री मशीनरी पोर्टल 11 नवंबर को प्रातः 11 बजे से खुलेगा। बिलासपुर जिला के इच्छुक किसान 16 नवंबर तक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि 17 नवंबर को लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किसानों का चयन किया जाएगा।
कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश की पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खेती में आधुनिक तकनीक और मशीनीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों की श्रम लागत कम करना, कृषि कार्यों को सुगम बनाना तथा कृषि उत्पादकता में वृद्धि करना है। इसी दिशा में कृषि अभियांत्रिकी उप मिशन के अंतर्गत किसानों को पावर टिलर, पावर वीडर सहित विभिन्न आधुनिक कृषि उपकरण अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान भारत सरकार के प्रत्यक्ष लाभ अंतरण पोर्टल agrimachinery.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एवं चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लॉटरी प्रणाली अपनाई गई है, जिसके माध्यम से 17 नवंबर को लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
विभाग के अनुसार लघु एवं सीमांत किसानों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों तथा महिला किसानों को कृषि उपकरणों की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वह केवल भारत सरकार से पंजीकृत फर्मों से स्वीकृत मॉडल के कृषि उपकरण ही खरीदें, ताकि अनुदान प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कृषि विभाग ने बिलासपुर जिला के पात्र किसानों से अपील की है कि वह निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं। आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग से खेती में समय और श्रम की बचत होने के साथ किसानों की कार्यक्षमता एवं कृषि उत्पादकता बढ़ेगी तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने में सहायता मिलेगी।
=======================================
चंगर अनुभाग के अंतर्गत कल शहर के कुछ स्थानों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
बिलासपुर 10 नवम्बर: सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-।। ई. रविन्द्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कल यानी 11 नवम्बर को चंगर अनुभाग के अंतर्गत बिजली की नई लाईन बिछाने के चलते जिला के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि चंगर अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र वन विभाग कॉलोनी, चंगर, डीएवी, ओयल तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
=========================================
साई वाटर स्पोर्ट्स एक्सटेंशन सेंटर बरमाणा में बालिका खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल 12 व 13 नवंबर को
रोइंग, कयाकिंग एवं कैनोइंग खेलों में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का अवसर
बिलासपुर, 10 नवंबर: भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर द्वारा एसएआई-एनटीपीसी वाटर स्पोर्ट्स एक्सटेंशन सेंटर बरमाणा में बालिका खिलाड़ियों के प्रवेश के लिए 12 एवं 13 नवंबर 2026 को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रायल के माध्यम से रोइंग, कयाकिंग एवं केनोइंग खेलों में प्रतिभाशाली बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं भाग ले सकती हैं।
सीटों के निर्धारित प्रावधान के अनुसार रोइंग खेल में आवासीय योजना के तहत 5 तथा गैर-आवासीय योजना के तहत 15 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, कयाकिंग एवं कैनोइंग खेलों में गैर-आवासीय योजना के तहत 15 सीटों पर बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन दोनों खेलों में आवासीय योजना के तहत वर्तमान में कोई सीट उपलब्ध नहीं है।
==============================================
जनजातीय गौरव पखवाड़े के उपलक्ष्य पर गांव डाडू में चलाया सफाई अभियान
भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान की जानकारी भी दी
भोरंज 10 नवंबर। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आदिवासी नेता और समाज सुधारक भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर इस वर्ष भी एक से 15 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत जिला हमीरपुर में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, 8 नवंबर रविवार को विकास खंड भोरंज के अनुसूचित जनजाति बाहुल गांव डाडू की ग्राम पंचायत डाडू में स्वच्छता जागरुकता कार्यक्रम एवं सफाई अभियान आयोजित किया गया।
भोरंज के खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी ने बताया कि इस दौरान गांव में सफाई की गई तथा एकत्रित कूड़े की छंटनी भी की गई। इस अवसर पर लोगों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग करने तथा प्लास्टिक, पॉलीथिन और ई-कचरे के सही निष्पादन के बारे में भी बताया गया। इसके अलावा लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व और स्वतंत्रता संग्राम में उनके बहुमूल्य योगदान की विस्तृत जानकारी भी दी गई।