घुमारवीं (बिलासपुर), 22 नवम्बर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कपाहड़ा में रविवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन मनुष्य के जीवन की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था है। यह एक मजबूत नींव की तरह होता है, जिस पर व्यक्ति के संपूर्ण जीवन और समाज का भविष्य निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर अनुशासन, मेहनत, अच्छे संस्कारों, आत्मविश्वास और सीखने की भावना को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। जो विद्यार्थी किसी कारणवश अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, उन्हें निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर आगे बढ़ना चाहिए।
*कपाहड़ा स्कूल को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की दिशा में प्रयास
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य सरकारी शिक्षण संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाकर विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक युग के अनुरूप तैयार करना है। इसी उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कपाहड़ा को सीबीएसई से संबद्ध करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय के तहत विद्यालय में अब तक सीबीएसई कैडर के 14 अध्यापक तैनात किए जा चुके हैं तथा आने वाले समय में कुछ और अध्यापकों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विद्यालय को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। विद्यालय में पहली बार संगीत, मनोविज्ञान और भूगोल विषयों के अध्यापकों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त गणित और अंग्रेजी विषयों के लिए भी अलग से अध्यापक उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट एंड गाइड की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए विद्यालय के अध्यापकों के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल, संगीत, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यालय की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के लिए आवश्यक मेडिकल उपकरण उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय की प्रधानाचार्य मनोरमा चढ़ा तथा समस्त अध्यापक वर्ग से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने का आह्वान किया।
*कपाहड़ा और आसपास की पंचायतों में सड़क संपर्क मजबूत करने पर करोड़ों रुपये खर्च
स्थानीय विकास कार्यों की जानकारी देते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि कपाहड़ा और आसपास की पंचायतों में सड़क संपर्क सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न सड़कों के निर्माण, मरम्मत एवं पक्का करने के कार्यों पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। बरठीं से छत, जुनाला सहित सड़क की अपग्रेडेशन पर लगभग 16 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं, जिसमें चार से पांच करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं तथा शेष कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि कपाहड़ा से मोड़ा, सुनाली और करलोटी को जोड़ने वाली सड़क के कार्य पर अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। साथ ही कहा कि करलोटी की कच्ची सड़क को पक्का किया गया है। इसके अतिरिक्त माकड़ा, गालियां और मूड़खर की सड़कों को भी पक्का करने के कार्य किए गए हैं। मूड़खर से आसपास की छोटी बस्तियों तथा मोड़ा की ओर सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए भी एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। इसी प्रकार कपाहड़ा, घेणुआ सुनाली सड़क सुविधा के विस्तार के लिए भी कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि छत को पक्की सड़क से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है तथा पुल का निर्माण भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी-छोटी बस्तियों को मुख्य सड़कों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।
*करलोटी-कपाहड़ा पेयजल योजना का 95 प्रतिशत कार्य पूरा
राजेश धर्माणी ने कहा कि करलोटी-कपाहड़ा उठाउ पेयजल आपूर्ति योजना पर लगभग 19 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस योजना का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। योजना के माध्यम से 11 ग्राम पंचायतों के 31 गांवों की लगभग 25,120 आबादी को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि योजना का शेष कार्य शीघ्र पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
*छत, हिम्मर और आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा का विस्तार
उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से छत-हिम्मर लिफ्ट सिंचाई योजना पर लगभग 7.60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस योजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके माध्यम से छत, हिम्मर, संडयार और सियोथा क्षेत्रों के किसानों को लाभ मिलेगा तथा लगभग 230 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने से किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा सुविधाओं का भी किया जा रहा विस्तार
श्री धर्माणी ने कहा कि कपाहड़ा क्षेत्र में पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। प्रदेश सरकार के प्रयासों से यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण करवाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इसी प्रकार क्षेत्र में पशु चिकित्सालय भी खोला गया है, ताकि पशुपालकों को अपने पशुओं के उपचार के लिए बरठी नहीं जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सालय तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके लिए स्थानीय लोगों से भूमि एवं अन्य आवश्यक सहयोग देने का आग्रह किया, ताकि अस्पताल तक सीधा सड़क संपर्क और बेहतर पहुंच सुविधा विकसित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य कपाहड़ा और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। इन सभी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग देने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप शिक्षा निदेशक उच्च शिक्षा स्कूल नरेश चंदेल, विद्यालय के अध्यापक, अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।