चंडीगढ़ 4 मार्च 2018 : “पूर्वोतर के तीनों राज्यों के लोगों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के प्रति जताए गए विश्वास, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की दूरदृष्टि और वहां के कार्यकर्तायों की ही अथक मेहनत का यह परिणाम है कि आज इन राज्यों में भाजपा का परचम लहराया और लेफ्ट और कांग्रेस पार्टी को लोगों ने बाहर का रास्ता दिखाया | इस अभूतपूर्व जीत के लिए वह सभी का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हैं |” यह बात भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन ने पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कही | इस पत्रकार वार्ता में उनके साथ पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रामबीर भट्टी, प्रदेश महामंत्री प्रेम कौशिक व् चंद्रशेखर, मीडिया विभाग के संयोजक रविंदर पठानिया भी उपस्थित थे | 

पत्रकार वार्ता के दौरान टंडन ने कहा कि त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में पार्टी की बढ़त कोई रातों रात नहीं हुई बल्कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार द्वारा किये गए विकास के कार्यों और उनके मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों का पूर्वोतर राज्यों में लगातार प्रवास और स्थानीय लोगों को पार्टी की विकास की विचारधारा के साथ समन्वय बैठने का आज यह परिणाम है कि गैरहिन्दी भाषी राज्यों में भी पार्टी ने कांग्रेस और लेफ्ट फ्रंट के किले को ध्वस्त किया | उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने मात्र साढ़े तीन वर्ष में पूर्वोतर राज्यों के लिए विकास के द्वारा खोले और उनके साथ पिछली सरकारों द्वारा किये गए झूठे वायदों से स्थानीय जनता का मोह भंग किया | इतना ही नहीं देश में पूर्वोतर राज्यों के लोगों पर हो रहे हिंसक हमलों में भारतीय जनता पार्टी ने डट कर पीड़ितों का साथ दिया और दोषियों को अतिशीघ्र सजा दिलवाई | इसी के चलते आज केवल त्रिपुरा में अनुसूचित जाति की 10 सीटों में से 8 और आदिवासी क्षेत्र की 20 सीटों में से 18 सीटों पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत दर्ज हुई | लोगों ने जाना कि मोदी सरकार ने सभी लोगों का विशेषकर गरीब वर्ग के लिए विकास के कीर्तिमान स्थापित किये हैं |

उन्होंने यह भी कहा कि हमें इस जीत के लिए यह भी स्मरण करना होगा कि पूर्वोतर राज्यों में पूर्व की सरकारों ने हमारे असंख्य कार्यकर्तायों पर इतने अत्याचार किये और राजनैतिक दुर्भावना से ओत प्रोत होकर कार्यकर्तायों की निर्मम हत्या की आज वहां की जनता ने भाजपा को भारी जीत दिलाकर शहीद हुए कार्यकर्ताओं की हत्या का बदला लिया है |

उन्होंने चुनावी आकडे पेश करते हुए कहा कि इन राज्यों के गत चुनावों में पार्टी की स्थिति कोई सुदृढ़ नहीं थी और मात्र साढ़े तीन वर्ष में केंद्र की भाजपा सरकार के उपरान्त पार्टी को त्रिपुरा में 1.6 प्रतिशत से बढ़ कर 43 प्रतिशत , मेघालय में एक भी सीट नहीं थी इस बार 9 प्रतिशत और नागालैंड में 2.5 प्रतिशत से बढ़ कर 14 प्रतिशत मतों की भारी बढोतरी मिली जो कि यह दर्शाता है कि अब सभी राज्यों के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा की सकरात्मक विचारधारा को सही माना है और देश के विकास के लिए भाजपा को ही सही विकल्प माना है |

उन्होंने कहा कि इन राज्यों में जीत के बाद अब भारतीय जनता पार्टी जल्द ही कांग्रेस और लेफ्ट मुक्त भारत बनाने  के लिए कर्नाटक, केरल और वेस्ट बंगाल की तैयारी में लग गई है और वहां के कार्यकर्तायों में अब और अधिक जोश भर गया है | कार्यकर्तायों के उत्साह के चलते इन राज्यों में भी विकास की जीत होगी और भाजपा की सरकारें बनेंगी और वर्ष 2019 में होने वाले आम चुनावों में भी देश की जनता विकास के नाम पर भाजपा को भारी जीत दिलवाएगी और विपक्ष को करारा जवाब देगी |