चंडीगढ़, 8 अक्टूबर:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ के अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने आज हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत पर पार्टी कार्यालय कमलम में चंडीगढ़ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी धूमधाम से जीत का जश्न मनाया। इस मौके पर मिठाई बांटी गई और कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

जश्न के दौरान जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने एक बार फिर से भाजपा की विकास और सुशासन की नीतियों पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और केंद्र की योजनाओं का नतीजा है, जिससे आम जनता का जीवन स्तर सुधरा है। मल्होत्रा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा नेतृत्व की भी तारीफ की, जिन्होंने राज्य में भाजपा की जीत को सुनिश्चित किया।

चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत पार्टी के हर एक कार्यकर्ता की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव जनता के हितों के लिए काम करती रहेगी और हरियाणा में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई और पूरे जोश के साथ जीत का जश्न मनाया। पार्टी कार्यालय कमलम पर भाजपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने जीत के उत्साह में पटाखे जलाए और भाजपा के पक्ष में नारे लगाए।