शाहपुर, 1 फरवरी-शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सिहोलपुरी में गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के पावन अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लगभग 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले गुरु रविदास सामुदायिक भवन शाहपुर का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि यह सामुदायिक भवन चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। प्रथम चरण में पहली मंज़िल का निर्माण किया जाएगा, जिसमें एक आधुनिक सभा भवन होगा। भवन परिसर में संत गुरु रविदास जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी तथा गुरु रविदास जी एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर से संबंधित साहित्य भी उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भवन का स्थान सड़क किनारे एवं विधानसभा क्षेत्र के मध्य में स्थित होने के कारण भविष्य में इसका विस्तार किया जाएगा। आगामी चरणों में यहां बच्चों और युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि विद्यार्थी यहां बैठकर अध्ययन कर सकें।
उपमुख्य सचेतक ने इस सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने हेतु मुख्यमंत्री महोदय का आभार व्यक्त किया तथा रविदास सभा के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा रखी गई सभी मांगों को वे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि संत गुरु रविदास जी भक्ति आंदोलन के प्रमुख आध्यात्मिक सुधारक थे। उन्होंने जाति व्यवस्था, ऊंच-नीच और भेदभाव के विरुद्ध आवाज़ बुलंद की और समाज को समता, प्रेम तथा मानवता का संदेश दिया। गुरु रविदास जी का स्पष्ट मत था कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म और चरित्र से होती है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की वाणी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उनके समय में थी। उन्होंने वंचित और शोषित वर्गों को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी और समाज को जोड़ने का कार्य किया।
इससे पूर्व उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सिहुवां पंचायत के छतरु में आयोजित गुरु रविदास जयंती समारोह में भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में रविदास सभा शाहपुर के प्रधान प्रभात ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया तथा गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। रविदास सभा के प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. भाटिया ने भी अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग नीरज जसवाल, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, सहायक अभियंता जलशक्ति विभाग रज्जाक मोहम्मद, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग ऋषभ , राजीव शर्मा, कांग्रेस नेता डीडी शर्मा, प्रधान सिहुवां अजय बबली , बंसी लाल, काली दास, पृथी चंद, हरिराम, प्रवीण, जीवन, संजय, अजीत, पूर्ण बुनकर, रघुबीर सिंह, ओंकार, करनैल, शंकर, करतार, कैप्टन विनय, विष्णु तथा राजकीय मिडल एवं प्राइमरी स्कूल सिंहोलपुरी के समस्त स्टाफ के अलावा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए रविदास सभा के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।