धर्मशाला, 5 फरवरी: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा हेमराज बैरवा ने प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवकों को सर्च एंड रेस्क्यू किट वितरित कीं।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के माध्यम से जिले में कुल 750 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जाना है, जिनमें से अब तक लगभग 650 स्वयंसेवक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, जबकि शेष स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन संचार, भीड़ प्रबंधन तथा राहत कार्यों से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में ये स्वयंसेवक जिला प्रशासन के साथ मिलकर त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने आपदा की घड़ी में निस्वार्थ सेवा देने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण के अंतर्गत विभिन्न आपदा परिदृष्यों पर आधारित माॅक ड्रिल एवं व्यावहारिक अभ्यास भी करवाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी, प्रशिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में एक मजबूत, सजग और प्रशिक्षित युवा आपदा प्रतिक्रिया बल तैयार करना है।