DHARAMSHALA-26.02.26-

भ्रूण जांच को रोकने के लिए जनभागीदारी सबसे जरूरी: सीएमओ

कहा....बीती तिमाही के दौरान किए गए 127 निरीक्षण

धर्मशाला में हुई पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट तहत गठित कमेटी की बैठक


धर्मशाला, 26 फरवरी: भ्रूण की लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं पर प्रभावी रोक केवल कानून के बल पर संभव नहीं है, इसके लिए समाज की जागरूक और सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। सीएमओ कार्यालय धर्मशाला में आज वीरवार को आयोजित गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (पीसी एंड पीएनडीटी) अधिनियम, 1994 के तहत गठित जिला एडवाइजरी कमेटी व जिला एप्रोप्रियेट अथॉरिटी की बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विवेक करोल ने यह बात कही।

डाॅ. विवेक करोल ने बताया कि जिले में अल्ट्रासाउंड के कुल 97 संस्थान पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि बीती तिमाही के दौरान इनके 127 निरीक्षण किए गए, 4 पंजीकरण नवीनीकरण किए गए। इसके अतिरिक्त जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 323 सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियां संचालित की गईं।
उन्होंने कहा कि भु्रण की लिंग जांच और भु्रण हत्या को रोकने के लिए सरकार, स्वास्थ्य विभाग और कानून तो अपना काम कर ही रहे हैं लेकिन साथ ही साथ समाज के सहयोग की सर्वाधिक आवश्यकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत गठित जिला एडवाइजरी कमेटी और जिला अप्रोप्रिएट अथाॅरिटी भु्रण हत्या और लिंग जांच को रोकने के लिए कार्य करती है। जिसमें इससे जुड़े केंद्रों, विशेषज्ञों और आम समाज के सहयोग से सबको जागरूक किया जाता है। उन्होंने बताया कि कमेटी के परामर्श पर नए अल्ट्रासाउंड केन्द्र खोलने या बंद करने के बारे में निर्णय किया जाता है। कमेटी की अनुमति के बिना कोई व्यक्ति या संस्थान अल्ट्रासाउंड नहीं कर सकता। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई।
डाॅ. करोल ने कहा कि पूरे जिले में अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि भु्रण की लिंग जांच को रोकने के लिए इस अधिनियम के तहत सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों को कार्य करना आवश्यक है तथा किसी भी प्रकार की कोताही बरते जाने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के बाद किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाती है।
बैठक में अधिनियम के तहत गत तिमाही 31 दिसंबर 2025 तक की गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न लंबित आवेदनों पर विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में जिला अटॉर्नी एन.एस. चौहान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. आर.के. सूद, डॉक्टर अनुपमा कपूर, डाक्टर स्वाति साहा, डाक्टर मीनाक्षी ठाकुर, सरिता शर्मा, सुनीता कुमारी, इंदु बाला, नीलम कुमारी, कमला देवी सहित अन्य हितधारक उपस्थित थे।
=====================================================

एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के 260 पदों हेतु साक्षात्कार 5 व 6 मार्च को
धर्मशाला, 26 फरवरी: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जुपिटर सोलर टेक प्राइवेट लिमिटेड, सोलन द्वारा डिप्लोमा एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (पुरुष एवं महिला) के 260 पद भरे जाने प्रस्तावित हैं।
इन पदों के लिए ऐसे अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने तीन वर्षीय पाॅलिटेक्निक डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल, इलेक्टाॅॉनिक्स, मैकेनिकल या केमिकल) किया हो। कुल 260 पदों में से 200 पद प्रोडक्शन विभाग तथा 60 पद क्वालिटी विभाग के लिए निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 32 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन तथा अन्य सुविधाएं कंपनी के नियमानुसार प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रति तथा अनुभव प्रमाण पत्र यदि हो लेकर 05 मार्च 2026 को उप रोजगार कार्यालय, देहरा तथा 06 मार्च 2026 को ओ.बी.सी. भवन, नगरोटा बगवां में प्रातः 10 बजे उपस्थित होकर संबंधित कंपनी के समक्ष साक्षात्कार दे सकते हैं।
साक्षात्कार में भाग लेने हेतु अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य भत्ता देय नहीं होगा।
======================================================
पचरुखी में 1 मार्च से 22 वीं ऑल इंडिया वाईएस परमार मेमोरियल टूर्नामेंट का आगाज़
आयुष, युवा सेवाएं, खेल एवं विधि मंत्री श्री यादविंदर गोमा करेंगे शुभारंभ


धर्मशाला, 26 फरवरी: जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी ने जानकारी दी है कि युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा 22वीं ऑल इंडिया वाईएस परमार मेमोरियल टूर्नामेंट का आयोजन 1 मार्च से 3 मार्च, 2026 तक पंचरूखी, जिला कांगड़ा में किया जा रहा है।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश की आठ टीमें भाग लेंगी, जिनमें पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, एचएसआईडीसी, भारतीय नेवी, भारतीय सेना, इनकम टैक्स अहमदाबाद तथा उत्तर रेलवे शामिल हैं।
टूर्नामेंट का शुभारंभ 1 मार्च को प्रातः 11 बजे हिमाचल प्रदेश सरकार के आयुष, युवा सेवाएं, खेल एवं विधि मंत्री यादविंदर गोमा द्वारा किया जाएगा। समापन समारोह 3 मार्च, 2026 को सायं 3 बजे उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा।
टूर्नामेंट के आयोजन की सभी तैयारियां युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा पूर्ण की जा रही हैं। खेल प्रेमियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।
========================================
विकसित भारत युवा संसद व युवा कनेक्ट 2026 कार्यक्रम का सफल आयोजन
धर्मशाला, 26 फरवरी: केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश परिसर- धर्मशाला के सभागार में आज विकसित भारत युवा संसद व युवा कनेक्ट-2026 कार्यक्रम का जिला स्तरीय सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक प्रक्रियाओं तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ हुआ व कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप कुमार, डीन शिक्षाविद, केंद्रीय विश्वविद्यालय तथा जिला लोक संपर्क अधिकारी विनय शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार एवं विनय शर्मा तथा विशिष्ट अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

युवा संसद में प्रतिभागियों ने शिक्षा, रोजगार, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के तर्क, प्रस्तुति शैली और विषय की समझ के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम, जिलास्तरीय राउंड में पंचम गुप्ता प्रथम वैशनवी डोगरा द्वितीय व अंकुश शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 05 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता युवा 06 मार्च को माननीय राज्यपाल महोदय के समक्ष अपना वक्तव्य रखेंगे तथा जिला काँगड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए मेरा युवा भारत कार्यालय के उप-निदेशक ध्रुव डोगरा द्वारा बताया कि विकसित भारत युवा संसद का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
============================================
दूध उत्पादक को पशुओं की देखभाल व संतुलित आहार पर किया प्रशिक्षित
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश दुग्ध उत्पादक सहकारी प्रसंघ शिमला की ओर से कांगड़ा इकाई के तहत, दुग्ध अभिशीतन केंद्र, बिंद्राबन में दुग्ध उत्पादकों के लिए जागरूकता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में पशुपालकों को आधुनिक दुग्ध उत्पादन तकनीक, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन और स्वच्छ दुग्ध उत्पादन के प्रति विस्तार से जागरूक किया गया। शिविर में पशुपालकों को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के प्रधानाचार्य डॉ. सत्यपाल कुरे और वैज्ञानिक डॉ. दामिनी आर्य ने दुग्ध उत्पादक किसानों को पशुओं की देखभाल, संतुलित आहार, संतुलित आहार, दुग्ध पशुओं की नस्ल व बीमारियों से बचाव के बारे में प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता कांगड़ा इकाई के प्रभारी श्री अखिलेश प्राशर ने की। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश दुग्ध उत्पादक सहकारी प्रसंघ शिमला की ओर से कांगड़ा इकाई के अंतर्गत किसानों को जागरूक करने के लिए इस तरह के शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि दुग्ध उत्पादकों की आय में बढ़ोतरी और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।
--