चम्बा में पंचायतों की अनुपूरक मतदाता सूचियों के पुनर्निरीक्षण का कार्यक्रम घोषित- उपायुक्त, मुकेश रेपसवाल

20 अप्रैल तक प्रकाशित होंगी पंचायतों की अनुपूरक मतदाता सूचियां

चम्बा 19, मार्च-उपायुक्त, मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन 2026 के अंतर्गत अनुपूरक मतदाता सूचियों को तैयार करने के लिए कार्यक्रम जारी किया गया है। इस संबंध में जिला चम्बा की सभी ग्राम पंचायतों (पुनर्गठन/विभाजन से संबंधित पंचायतों को छोड़कर) में सामान्य निर्वाचन 2026 के लिए 01 अप्रैल 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूचियों का पुनर्निरीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 मार्च 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी, जबकि 02 अप्रैल 2026 तक उनका निपटारा किया जाएगा। अपील दायर करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है तथा अपीलों का निपटारा 17 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। अनुपूरक मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 20 अप्रैल 2026 को या उससे पहले किया जाएगा।

उपायुक्त ने आम जनमानस से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाना हो अथवा कोई दावा या आपत्ति प्रस्तुत करनी हो, तो वह संबंधित खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय में निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन करें।

उन्होंने यह भी बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित प्रपत्र संबंधित ग्राम पंचायतों तथा खण्ड विकास अधिकारी कार्यालयों में उपलब्ध रहेंगे।

========================================

ज़िला जल एवं स्वच्छता मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने की अध्यक्षता
जल स्रोतों, भंडारण टैंकों की नियमित साफ-सफाई बनाई जाए सुनिश्चित-अमित मैहरा
चंबा, मार्च 19-तिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में ज़िला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज उनके कार्यालय कक्ष में एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जल महोत्सव, पेयजल स्रोतों की सततता, जन शिकायत निवारण, योजनाओं का निरीक्षण तथा जल सेवा आकलन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अमित मैहरा ने जल महोत्सव के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न पेयजल योजनाओं के अंतर्गत जल स्रोतों, भंडारण टैंकों सहित अन्य संरचनाओं की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित बनाई जाए।
साथ में उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कार्यान्वित जल संरक्षण योजनाओं को भी स्वच्छता गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाए ताकि आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी सभी शिक्षण संस्थानों में स्थापित जल भंडारण टैंकों की नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए।
अमित मैहरा ने बैठक में रुलर फीकल स्लज प्रबंधन को लेकर भी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग जितेंद्र शर्मा ने अवगत किया कि जल अर्पण योजना के अंतर्गत जिला चंबा की ग्राम पंचायत सुंडला तथा चकलू की पेयजल योजनाओं को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाएगा।
साथ में उन्होंने पेयजल स्रोतों की सततता के तहत उठाए जा रहे विभागीय कदमों की जानकारी देते हुए वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निर्माण की भी जानकारी साझा की।
जितेंद्र शर्मा ने बताया कि जल संचय कार्यक्रम के अंतर्गत सभी जल स्रोतों, भंडारण टैंकों की साफ-सफाई करने सहित जल संरक्षण एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सहायक आयुक्त राहुल धीमान, जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्र चिनोरिया, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे ।
===============================================
जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता
जिला में वर्षिक ऋण योजना के अंतर्गत तीसरी तिमाही तक 66.25 प्रतिशत लक्ष्य हासिल
प्राथमिकता के आधार पर बीमा-पेंशन योजनाओं का लाभ करवाया जाए उपलब्ध–उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चंबा, मार्च 19-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत जिला में संचालित सभी बैंक प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि पात्र खाता धारकों को सामाजिक सुरक्षा बीमा-पेंशन योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाया जाए।
वह आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला परामर्शदात्री समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल कर रहे थे।
उन्होंने इस दौरान वार्षिक ऋण योजना (एनुअल क्रेडिट प्लान) 2026-27 का भी विमोचन किया।
मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिला में संचालित बैंकों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए वर्षिक ऋण योजना के अंतर्गत 1932.83 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके तहत तीसरी तिमाही तक 1280.41 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त किया है जो कि 66.25 प्रतिशत है।
उन्होंने बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत जिले में संचालित बैंकों द्वारा प्राप्त लक्ष्यों पर असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने बैंक प्रबंधकों से जनहित में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को किसान क्रेडिट कार्ड की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। साथ में उन्होंने कृषि ,उद्यान तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए किसानों-बागवानों को क्रेडिट कार्ड से संबंधित सेवाओं में कमी रखने वाले बैंकों में धनराशि जमा न की जाए।
उन्होंने डॉ यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना की जानकारी को लेकर भी
विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने को कहा ।
इससे पहले बैठक में अग्रणी जिला प्रबन्धक डी सी चौहान ने स्वागत संबोधन रखते हुए जारी वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही (दिसम्बर 2025) तक बैंकिंग क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी साझा की ।
इस दौरान एलडीओ आरबीआई आशीष साँगड़ा, डीडीएम नाबार्ड राकेश कुमार ने भी विभिन्न बैंक योजनाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत प्रायोजित ऋण प्रस्तावों ग्रामीण आजीविका मिशन, शहरी आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री लघु दुकानदार योजना इत्यादि से संबंधित मामलों पर भी विस्तृत चर्चा की गई ।
उपनिदेशक पशुपालन विभाग राकेश भंगालिया, महाप्रबंधक उद्योग मनीत कुमार, एसएमएस उद्यान विभाग कैलाश कौशल, वरिष्ठ मत्स्य पालन अधिकारी प्रीतम चंद, जिला समन्वयक एआईसी भुवनेश कुमार सहित विभिन्न विभागीय एवं जिला में संचालित बैंकों के प्रबंधक बैठक में उपस्थित रहे।