एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील, आवश्यकता अनुसार ही करें बुकिंग
घरेलू गैस वितरण पर कड़ी निगरानी, उपभोक्ताओं को समयबद्ध सेवा देने के निर्देश
बिलासपुर 09 अप्रैल: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग सुचारू एवं समयबद्ध तरीके से की जा रही है। जिला में कार्यरत 14 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनकी ग्राहक संख्या के अनुसार बुकिंग पर गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के उपरांत ही गैस बुकिंग करवाकर सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है। विभाग द्वारा अब तक 105 निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें 5 सिलेंडर जब्त कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि एलपीजी उपभोक्ता अनावश्यक रूप से दैनिक बुकिंग न करें, बल्कि अपनी आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करवाएं, ताकि निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार फोकल बिंदुओं पर समय पर सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ता शहरी क्षेत्रों में होम डिलीवरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित फोकल बिंदुओं से ही गैस प्राप्त करें तथा किसी भी स्थिति में गोदाम से सिलेंडर प्राप्त न करें और गैस वाहनों को अनावश्यक रूप से न रोकें।
उन्होंने बताया कि सभी गैस एजेंसी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त, व्यापारिक सिलेंडर का उपयोग कर रहे होटल, ढाबा संचालक एवं अन्य संस्थानों से अनुरोध किया कि वह अपनी मांग संबंधित गैस एजेंसी को लिखित रूप में उपलब्ध करवाएं, ताकि आवश्यकता के अनुसार व्यापारिक सिलेंडर की आपूर्ति के लिए एलपीजी प्लांट को अवगत करवाया जा सके।

=====================================

दली से बंदलामियां सड़क मार्ग आगामी 30 अप्रैल तक यातायात के लिए बंद
बिलासपुर, 09 अप्रैल: जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग मण्डल बिलासपुर के अंतर्गत दली से बंदलामियां सड़क मार्ग आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी 10 अप्रैल 30 अप्रैल तक बंद रहेगा।
उन्होंने जारी आदेशों में बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान इस सडक मार्ग पर केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की ही अनुमति रहेगी।

===========================

जिला के 1111 आंगनवाड़ी केन्द्रों में 9 से 23 अप्रैल तक मनाया जाएगा पोषण पखवाड़ा
जीवन के पहले 6 वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास सुनिश्चित करने हेतु 8वां पोषण पखवाड़ा शुरू
बिलासपुर 09 अप्रैल: जिला कार्यक्रम अधिकारी बिलासपुर नरेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि निदेशालय महिला एवं बाल विकास, हिमाचल प्रदेश तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से 9 अप्रैल से 23 अप्रैल, 2026 तक “8वां पोषण पखवाड़ा” आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला के सभी 1111 आंगनवाड़ी केंद्रों में यह पखवाड़ा उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पखवाड़े का मुख्य विषय “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क विकास को अधिकतम करना” तथा अभियान का नारा “बचपन के पहले 6 साल-पोषण, पढ़ाई के लिए हैं बेमिसाल” रखा गया है। जिसके माध्यम से बच्चों के प्रारंभिक वर्षों में पोषण एवं संज्ञानात्मक विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस पखवाड़े का उद्देश्य परिवारों एवं समुदाय को शिशुओं के स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास से संबंधित आवश्यक आदतों एवं उपायों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिसमें माँ एवं बच्चे का पोषण, 0-3 वर्ष के बच्चों के लिए मस्तिष्क विकास हेतु प्रारंभिक उत्तेजना, 3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षा, स्क्रीन टाइम कम करने में माता-पिता और समुदाय की भूमिका तथा सशक्त आंगनवाड़ियों के लिए सामुदायिक सहयोग इत्यादि गतिविधियां शामिल की गई है।
उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान सामुदायिक आधारित कार्यक्रम ‘पोषण पे चर्चा’, समूह बैठकें, पंचायत सभाएं, पोषण रैलियां, दादी-नानी की कहानियां, स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं कुकिंग प्रतियोगिताएं, गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियां, क्प्ल् खिलौना निर्माण कार्यशालाएं, “नो-स्क्रीन ऑवर” अभियान, योग एवं बाहरी खेलों को बढ़ावा तथा पोषण मेले सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी गतिविधियों की रिपोर्टिंग ‘जन आंदोलन डैशबोर्ड’ पर की जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि वैज्ञानिक दृष्टि से बच्चे के मस्तिष्क का लगभग 85 प्रतिशत विकास छह वर्ष की आयु तक हो जाता है, जिसमें पहले 1000 दिन अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष का पोषण पखवाड़ा पोषण के साथ-साथ बच्चों के मानसिक विकास पर भी विशेष रूप से केंद्रित रहेगा।
इस अवसर पर सांख्यिकी सहायक सदर सुनील कुमार, आदर्श शर्मा, सुपरवाइजर हेमलता शर्मा, विवेक, सूरज के अतिरिक्त मिशन शक्ति से शिल्पा शर्मा, साक्षी शर्मा एवं पूनम शर्मा तथा पोषण टीम से रुचिका ठाकुर, वैशाली एवं अंकिता मौजूद रहे।

==========================================

पशु मित्र भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षण 16, 21 व 22 अप्रैल को सुन्हाणी में होगा आयोजित
बिलासपुर, 09 अप्रैल: उप-निदेशक पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन डाॅ. के.एल. शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर के अंतर्गत पशुपालन विभाग में पशु मित्र के 10 पदों को भरने हेतु शारीरिक परीक्षण का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उपमंडल झंडूता में 02 पदों के लिए शारीरिक परीक्षण 16 अप्रैल, 2026 को प्रातः 09ः30 बजे से सुन्हाणी मैदान, तहसील झंडूता में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पशु औषधालय नखलेहड़ा के लिए एक पद तथा एक पद पशु औषधालय समोह के लिए भरा जाएगा।
इसी प्रकार उपमंडल घुमारवीं में 08 पदों के लिए शारीरिक परीक्षण 21 तथा 22 अप्रैल, 2026 को प्रातः 09ः30 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें 21 अप्रैल को पशु औषधालय पट्टा, बाह पदौडी, चुआडी तथा बैहल नुआण के लिए एक-एक पद के लिए शारीरिक परीक्षण आयोजित किया जाएगा। जबकि 22 अप्रैल को पशु चिकित्सालय भराड़ी, कपाहड़ा, बरोटा तथा पशु औषधालय डंगार के लिए पशु मित्र के एक-एक पद के लिए शारीरिक परीक्षण आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने उपमंडल झंडूता के पशु औषधालय नखलेहड़ा व समोह तथा उपमंडल घुमारवीं के पशु औषधालय पट्टा, बाह पटौडी, चुआडी, बैहल नुआण, डंगार, पशु चिकित्सालय भराड़ी, कपाहड़ा एवं बरोटा के पदों के लिए आवेदन किया है, वह सब भी शारीरिक परीक्षण के लिए निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।