79वें हिमाचल दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह हर्षोल्लास से आयोजित
कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने फहराया तिरंगा
प्रदेश के गठन में योगदान देने वाली महान विभूतियों के प्रति सम्मान किया व्यक्त
वीर भूमि हिमाचल के स्वतंत्रता सेनानियों- बहादुर सैनिकों के प्रति अर्पित किए श्रद्धा सुमन
प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उठाए जा रहे हैं ठोस कदम–राजेश धर्माणी
चंबा, अप्रैल 15-79वें हिमाचल दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन आज चंबा के ऐतिहासिक चौगान में हर्षोल्लास के साथ किया गया।
नगर एवं ग्राम योजना, आवास तथा तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर परेड कमांडर पुलिस इंस्पेक्टर (महिला) पंकज शर्मा के नेतृत्व में हिमाचल पुलिस, हिमाचल होमगार्ड, वनरक्षक, एसपीओ, एनसीसी, नर्सिंग कॉलेज, एनएसएस तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर समारोह की शोभा बढ़ाई।
राजेश धर्माणी ने अपने संबोधन में हिमाचल के गठन में बहुमूल्य योगदान देने वाली महान विभूतियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर भूमि हिमाचल के स्वतंत्रता सेनानियों और बहादुर सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
उन्होंने प्रदेश की प्रगति और उन्नति के लिए राज्य सरकार द्वारा कार्यान्वित विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्तमान में सीमित वित्तीय संसाधनों के बावजूद सरकार विकासात्मक परियोजनाओं के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन को सुनिश्चित बना रही है। नए संसाधन जुटाने तथा वित्तीय अनुशासन लागू करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। बीते वर्षों में राजस्व बढ़ाने के लिए प्रभावी नीतियां अपनाई गई हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने साथ में यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कुछ अनुदानों में कटौती के बावजूद प्रदेश सरकार ने सीमित संसाधनों में भी विकास कार्यों को गति दी है।
प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने में हिमाचल प्रदेश देश में अग्रणी रहा है। चंबा जिले में आपदा प्रभावित परिवारों को उदार सहायता प्रदान की गई है। गत वर्ष 1387 प्रभावित परिवारों को लगभग 12 करोड़ रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करवाई गई।
राजेश धर्माणी ने कहा कि राजकीय सहस्राब्दी बहु तकनीकी संस्थान चंबा तथा राजीव गांधी बहु तकनीकी संस्थान बनीखेत सहित जिले में संचालित विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जिले में विकासात्मक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए गत तीन वर्षों के दौरान 15 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि से 243 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए तथा 165 ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि की गई। इसके अतिरिक्त 18 करोड़ 46 लाख रुपये की राशि से 224 किलोमीटर एचटी और एलटी विद्युत लाइनें स्थापित की गई हैं।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को गेहूं, मक्का, हल्दी तथा अदरक जैसी फसलों पर समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है। जिला चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी घाटी को प्रदेश का पहला प्राकृतिक खेती उपमंडल घोषित करते हुए यहां की पारंपरिक फसल जौ का समर्थन मूल्य 80 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। संस्थान के दूसरे चरण के अंतर्गत भवन निर्माण के लिए 194 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं, सरकारी स्कूलों को सशक्त बनाने के लिए प्रदेश में 152 तथा चंबा जिले में 7 विद्यालयों को सीबीएसई पाठ्यक्रम से संबद्ध किया गया है।
राजेश धर्माणी ने अपने संबोधन में राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना, मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पर्यटन विकास तथा बुनियादी ढांचे के विस्तार सहित किसानों एवं बागवानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने हेतु क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।
राजेश धर्माणी ने समस्त जिला वासियों से ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के निर्माण तथा युवाओं को स्वस्थ एवं नशा मुक्त बनाने का आह्वान करते हुए हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, जिला अध्यक्ष कृषि उपज एवं विपणन समिति ललित ठाकुर, अध्यक्ष प्रदेश हज समिति दिलदार अली वट्ट, जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सुरजीत भरमौरी, विधानसभा क्षेत्र चुराह के कांग्रेस प्रतिनिधि यशवंत खन्ना, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा सहित जिला के विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।
================================================
सरोल में विभिन्न विभागों से संबंधित कार्य प्रगति बारे समीक्षा बैठक आयोजित,
नगर एवं ग्राम योजना तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने की बैठक की अध्यक्षता
मिलेनियम राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सरोल के सभागार में विभिन्न विभागों के संबंधित कार्य प्रगति बारे एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर एवं ग्राम योजना तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नगर एवं ग्राम योजना विभाग के अलावा तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा से संबंधित कई महत्वपूर्ण पहलुओं बारे विस्तृत समीक्षा व चर्चा की गई। बैठक में राजेश धर्माणी ने बताया कि मिलेनियम पॉलिटेक्निक कॉलेज सरोल में उपलब्ध अतिरिक्त भूमि को मेडिकल कॉलेज चंबा की मांग पर उसे हस्तांतरित करने बारे विचार किया जाएगा बशर्ते कि बदले में चिकित्सा महाविद्यालय पॉलिटेक्निक कॉलेज की आगामी योजना के लिए वित्तीय सहयोग करने में सहमत हो। बैठक के उपरांत उन्होंने पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर सरोल का विस्तृत निरीक्षण किया तथा संस्थान के अधिकारियों को महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश देते हुए कहा कि संस्थान की प्रैक्टिकल प्रयोगशालाओं को एक ही बहु मंजिला भवन स्थापित किया जाए ताकि अतिरिक्त भूमि व स्थान का अन्य उद्देश्य के लिए सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में सहायक टाऊन प्लानर पंकज शर्मा ने अपने विभाग से संबंधित कार्य प्रगति बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्लानिंग एरिया डलहौजी, भरमौर तथा चुवाड़ी के अलावा विशेष क्षेत्र चमेरा जलाशय, खजियार व भरमौर के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपमंडलीय नगर एवं ग्राम योजना कार्यालय चंबा को मंडलीय नगर एवं ग्राम योजना कार्यालय में स्तरोन्नत करने, विभाग में रिक्त पदों को भरने व वाहन की आवश्यकता बारे टीसीपी मंत्री को अवगत करवाया।
बैठक में पॉलिटेक्निक कॉलेज चंबा के प्रधानाचार्य पुनीत महाजन ने अपने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, विधार्थियों के प्लेसमेंट व संस्थान में चल रहे रिक्त पदों बारे अवगत करवाया।
बैठक में सर्वप्रथम उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने मंत्री राजेश धर्मानी को सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त पॉलिटेक्निक कॉलेज सरोल की ओर से भी मंत्री व अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र चंबा के विधायक नीरज नैयर, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी, एपीएमसी के अध्यक्ष ललित ठाकुर,
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, एसडीएम प्रियांशु खाती, निदेशक (टीसीपी) हिमिस नेगी, हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉक्टर सुरेंद्र वशिष्ठ, तकनीकी शिक्षा विभाग के उपनिदेशक (प्रशिक्षण) संजीव सहोत्रा मैडीकल कालेज चंबा के प्रधानाचार्य डॉ पंकज गुप्ता, लोनिवि के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र सिंह, एचपीएसईबीएल के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता प्रवेश ठाकुर, पोलिटैकनिक कालेज चंबा के प्रधानाचार्य पुनीत महाजन, विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।