विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में करें पूर्ण: केवल सिंह पठानिया
शाहपुर में विभिन्न सड़क मार्गों का किया निरीक्षण
धर्मशाला, 21 अप्रैल : उपमुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने गत दिवस लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शाहपुर क्षेत्र के विभिन्न सड़क मार्गों चकवन राख, तला, भेडू, ऊनी, मनोह, सुहैंड, वोडूसारना एवं गिल्भेडा का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। पठानिया ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
निरीक्षण उपरांत, उन्होंने ढोलिया महादेव मंदिर में माथा टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान हेतु निर्देशित किया।अधिकांश समस्याओं का उन्होंने मौके पर ही समाधान कर दिया, जबकि शेष समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
=========================================
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया सड़क मार्गों का पैदल निरीक्षण
5 किलोमीटर पैदल चलकर परखी सड़कों की स्थिति, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
शाहपुर, 21 अप्रैल-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र के विभिन्न सड़क मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चकवन राख, तला, भेडू, ऊनी, मनोह, सुहैंड, वोडूसारना और गिलड़ भेडा सड़कों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करना और लंबित विकास कार्यों में तेजी लाना रहा। मौके पर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर विशेष जोर दिया।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर प्रगति पर हैं और समय-समय पर स्थल निरीक्षण से कार्यों में तेजी आती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि जनता को समय पर लाभ मिल सके।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने ढोलिया महादेव मंदिर में माथा टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में ही उन्होंने दोपहर का भोजन ग्रहण किया और स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
=============================
टाण्डा फिल्ड फायरिंग रेज में 23 तथा 24 अप्रैल को फायरिंग अभ्यास
धर्मशाला, 21 अप्रैल: सहायक आयुक्त (उपायुक्त) ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना द्वारा टाण्डा फायरिंग रेंज में 23 तथा 24 अप्रैल को सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक फायरिंग अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने कोहाला, कच्छयारी, खोली तथा घुरकड़ी के लोगों से आग्रह किया है कि 23 अप्रैल तथा 24 अप्रैल को फायरिंग रेंज के आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचें ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।
============================
स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में न डालें बाधा
सहायक अभियंता ने उपभोक्ताओं से की विशेष अपील

हमीरपुर 21 अप्रैल। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के सहायक अभियंता सौरभ राय ने बताया कि भारत सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत बिजली के सभी पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और ये मीटर लगवाने के लिए उपभोक्ताओं पर कोई भी अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं डाला जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (मीटरों की स्थापना एवं संचालन) संशोधन विनियम-2026 के अनुसार जिन क्षेत्रों में संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्मार्ट मीटर उपलब्ध करवाना अनिवार्य किया गया है। विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 163 (1) के अंतर्गत लाइसेंसी अथवा उसके अधिकृत प्रतिनिधि को उचित सूचना देकर किसी भी परिसर में प्रवेश कर मीटर की जांच, मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन करने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि धारा 163 (3) के अनुसार यदि कोई उपभोक्ता अधिकृत अधिकारी को परिसर में प्रवेश या कार्य करने से रोकता है तो लिखित सूचना के 24 घंटे के पश्चात विद्युत आपूर्ति को अस्थायी रूप से विच्छेदित किया जा सकता है।
सहायक अभियंता ने बताया कि हमीरपुर में मीटर बदलने का कार्य सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद अधिकृत एजेंसी मैसर्स अप्रावा हमीरपुर स्मार्ट मीटर प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। इसके बावजूद कुछ उपभोक्ता अधिकृत कर्मचारियों या एजेंसी को पुराने मीटर बदलने के लिए अपने परिसरों में प्रवेश की अनुमति नहीं दे रहे हैं जोकि नियमों के विरुद्ध है।
सहायक अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद वर्तमान पोस्टपेड उपभोक्ताओं की विद्युत दरों या सब्सिडी में कोई भी परिवर्तन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मीटर सामान्यतः लाइसेंसी की संपत्ति होते हैं और उनका प्रतिस्थापन एक नियमित तकनीकी प्रक्रिया है।
उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे अधिकृत अधिकारियों, कर्मचारियों और एजेंसी को सहयोग प्रदान करें तथा उन्हें स्मार्ट मीटर लगाने की अनुमति दें, ताकि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, कुशल एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।
सहायक अभियंता ने कहा कि इस आग्रह के बाद भी अगर कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया में बाधा डालता है तो उसके खिलाफ विद्युत अधिनियम-2003 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसमें विद्युत आपूर्ति का विच्छेदन भी शामिल है।
=======================================
हमीरपुर में 22 को प्रस्तावित वाहनों की पासिंग और ड्राईविंग टेस्ट स्थगित

हमीरपुर 21 अप्रैल। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के अंतर्गत 22 अप्रैल को प्रस्तावित वाहनों की पासिंग और ड्राईविंग टेस्ट अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिए गए हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय हमीरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहनों की पासिंग और ड्राईविंग टेस्ट की नई तिथि शीघ्र ही निर्धारित कर दी जाएगी।
==========================================
सोलन-दिनांक 21.04.2026
मतदाता सूची एवं पूरक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

नगर पंचायत कण्डाघाट के सभी वार्ड संख्या 1 से 7 तक की मतदान सूची तैयार कर प्रकाशित कर दी गई है। यह जानकारी आज यहां निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट गोपाल शर्मा ने दी।
उन्होंने कहा कि यह निर्वाचक नामावली हिमाचल प्रदेश नगर पालिका निर्वाचन नियम, 2015 के अनुसार तैयार की गई है।
=========================================
सोलन दिनांक 21.04.2026
सोलन ज़िला के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत 09 मई, 2026 को

ज़िला एवं सत्र न्यायालय सोलन परिसर सहित कण्डाघाट, अर्की, कसौली और नालागढ़ न्यायालय परिसर में 09 मई, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोेजित की जाएगी। यह जानकारी आज यहां ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने दी।
प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि 09 मई, 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न मामलों का निपटारा समझौते के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई इच्छुक व्यक्ति राष्ट्रीय लोक अदालत अपने मामलों का निपटारा करवाना चाहता है तो वह 09 मई, 2026 से पूर्व ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय सोलन अथवा ज़िला के सभी न्यायालयों में सादे कागज़ पर आवेदन कर सकता है। उन्होंने कहा कि जिस अदालत में मामला विचाराधीन है, में भी आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक कम्पाउंडेबल अपराध, चैक बाउंस मामले, वाहन चालान मामले और धन वसूली इत्यादि मामलों की सुनवाई कर निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना क्लेम मामले, श्रम विभाग, बिजली और पानी के बिल तथा वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण के मामले, वेतन और भत्तों तथा सेवानिवृत्ति से सम्बन्धित मामलों की सुनवाई कर निपटारा होगा। उन्होंने कहा कि जो मामले अभी तक न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं, का निपटारा भी लोक अदालत में किया जाएगा।
प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि लोक अदालत में समय तथा धन की बचत होती है और न्यायालय शुल्क भी नहीं लगता। पुराने मुकदमे का न्यायालय शुल्क वापिस हो जाता है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी पक्ष को सज़ा नहीं होती। उन्होंने कहा कि वाहन चालान के मामालों में वर्चुअल कोर्ट की साइट पर जाकर भी भुगतान किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 01792-220713 तथा टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 15100 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
==========================================
सोलन-दिनांक 21.04.2026

सोलन तथा कसौली में पशु मित्र भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा 24 अप्रैल को


पशुपालन विभाग द्वारा सोलन एवं कसौली में पशु मित्रों की भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा 24 अप्रैल, 2026 को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी आज यहां वरिष्ठ पशु चिकित्सक धर्मपुर एवं पशु मित्र एन्गेजमेंट समिति के सदस्य सचिव डॉ. बी.बी. करकरा ने दी।
डॉ. करकरा ने कहा कि शारीरिक परीक्षा 24 अप्रैल, 2026 को प्रातः 09.00 बजे पाईनग्रोव स्कूल धर्मपुर में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के तहत सोलन में 03 तथा कसौली में 05 पदों के लिए यह चयन किया जाना है। कुल 54 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इनमें सोलन उपमण्डल से 17 तथा कसौली उपमण्डल से 37 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि सोलन उपमण्डल में 06 महिला तथा 11 पुरुष और कसौली उपमण्डल में 12 महिला तथा 25 पुरुषों ने आवेदन किया है।
सदस्य सचिव ने कहा कि सभी अभ्यार्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेज़ों एवं खेल परिधान सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।