जनगणना-2027: फील्ड ट्रेनर्स के दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुरू
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने किया शुभारंभ, 32 प्रवक्ताओं को दी जा रही तीन दिवसीय ट्रेनिंग

मंडी, 28 अप्रैल। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत फील्ड ट्रेनर्स के दूसरे चरण का प्रशिक्षण डीआरडीए हॉल के सम्मेलन कक्ष में शुरू हो गया है। प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने किया। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण में 32 स्कूल प्रवक्ताओं को, जिन्हें फील्ड ट्रेनर के रूप में नियुक्त किया गया है, तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इससे पहले पहले चरण में भी 32 प्रवक्ताओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर भविष्य की योजनाएं और नीतियां निर्धारित होती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि वे आगे तहसील स्तर पर भी प्रभावी प्रशिक्षण सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना का कार्य सटीक एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

यह प्रशिक्षण संयुक्त निदेशक सह नेशनल ट्रेनर, जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश, शिमला आशीष चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। मास्टर ट्रेनर सुशीला और लतेश्वरी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर आगे मंडी जिले के सभी 41 चार्ज (ग्रामीण एवं शहरी) में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।

आशीष चौहान ने कहा कि जनगणना के आंकड़े आम लोगों के जीवन को सीधे प्रभावित करते हैं। इससे सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि किस क्षेत्र में कितनी आबादी है और वहां किन सुविधाओं की आवश्यकता है। इसके आधार पर सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं की बेहतर योजना बनाई जाती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्रित की गई सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। किसी भी व्यक्ति का नाम या पहचान सार्वजनिक नहीं की जाती। यह डेटा न तो कर निर्धारण के लिए और न ही किसी जांच के लिए उपयोग किया जाता है, बल्कि केवल राष्ट्र निर्माण के लिए प्रयुक्त होता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना अधिकारी के आने पर सही और पूरी जानकारी प्रदान करें।

उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन किया जाएगा। इसके साथ ही स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। स्व-गणना की प्रक्रिया 1 जून से 15 जून तक संचालित होगी, जबकि हाउस लिस्टिंग का कार्य 16 जून से 15 जुलाई तक किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अभ्यास, रोल-प्ले, मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग, डेटा सत्यापन तथा विभिन्न परिस्थितियों में संवाद कौशल पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस अवसर पर हिमांशु यादव डीसीओ नोडल ऑफिसर मंडी सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

==========================================

हिमाचल के 10 खिलाड़ी नेपाल में दिखाएंगे दम

डीसी मंडी ने भारतीय ध्वज सौंपकर टीम को किया रवाना

मंडी, 28 अप्रैल। नेपाल में आयोजित होने वाली 7वीं एशियन स्वात (फ्रेंच किकबॉक्सिंग) प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित हिमाचल प्रदेश के 10 खिलाड़ियों को उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने भारतीय ध्वज सौंपकर काठमांडू के लिए रवाना किया। उपायुक्त ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि यहां के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तिरंगे का मान बढ़ाएंगे।

यह प्रतियोगिता 29 अप्रैल से 3 मई तक नेपाल के काठमांडू विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी, जिसमें एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। हिमाचल के खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। टीम में काव्यांशी ठाकुर (39 किलोग्राम), वरुण वालिया (52 किलोग्राम), राहुल (56 किलोग्राम), सूर्य प्रताप सिंह कटवाल (60 किलोग्राम), अमर चंद (52 किलोग्राम), ऋषभ शर्मा (65 किलोग्राम), पंकज कुमार (75 किलोग्राम), होमनी (52 किलोग्राम), रेखा (56 किलोग्राम) और सपना कुमारी (75 किलोग्राम) शामिल हैं।

भारतीय महिला टीम की कोच के रूप में संतोषी देवी टीम का नेतृत्व करेंगी, जबकि अमर चंद और पंकज कुमार को ऑफिशियल जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। इस उपलब्धि पर स्वात एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए कहा कि उपायुक्त द्वारा खिलाड़ियों को ध्वज सौंपकर रवाना करने से उनका मनोबल बढ़ा है और प्रदेश को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
=================================================

निटिंग प्रशिक्षण के बाद 8 प्रशिक्षुओं को मिली मशीनें

मंडी, 28 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना के अंतर्गत खंड परियोजना प्रबंधन इकाई (बीपीएमयू) मंडी द्वारा आजीविका गतिविधियों के तहत बग्गी में संचालित निटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। लगभग साढ़े चार माह तक चले इस प्रशिक्षण में 8 प्रशिक्षुओं ने भाग लेकर आधुनिक तकनीकों एवं व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण उपरांत सभी प्रशिक्षुओं को परियोजना की ओर से टूलकिट (निटिंग मशीन) प्रदान की गई, ताकि वे स्वरोजगार शुरू कर अपनी आजीविका को सुदृढ़ बना सकें।

समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. हेमराज वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निटिंग जैसे कौशल के माध्यम से महिलाएं घर बैठे भी आय अर्जित कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान विषयवाद विशेषज्ञ डॉ. खूब राम ठाकुर, खंड परियोजना प्रबंधक डॉ. राजेश कुमार तथा कृषि विकास अधिकारी हंसराज वालिया ने भी प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अपने कौशल को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव साझा करते हुए परियोजना प्रबंधन इकाई का आभार व्यक्त किया और इसे अपने लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में सिधु राम भारद्वाज (प्रधान, हाटेश्वरी हैंडलूम बग्गी), सचिव बबलू भारद्वाज, सरला देवी सहित सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

==================================

नगर निगम मंडी चुनाव: 15 वार्डों में 38 मतदान केंद्र निर्धारित

मंडी, 28 अप्रैल। नगर निगम मंडी के आम चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन द्वारा वार्डवार मतदान केंद्र निर्धारित कर अधिसूचित कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार नगर निगम क्षेत्र के 15 वार्डों में कुल 38 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो और मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

खलियार वार्ड में केंद्रीय विद्यालय मंडी (प्राइमरी विंग), केंद्रीय विद्यालय मंडी (लैब), राजकीय प्राथमिक पाठशाला बिजन दलवाहन तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला छिपणु को मतदान केंद्र बनाया गया है। पुरानी मंडी वार्ड में राजकीय मिडल स्कूल पुरानी मंडी (लेफ्ट व राइट पार्ट) को मतदान केंद्र निर्धारित किया गया है।

पड्डल वार्ड में बीडीओ कार्यालय भ्यूली मंडी और आईटीआई मंडी, नेला वार्ड में राजकीय मिडल स्कूल बिंद्रावणी तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला चड्याना और राजकीय प्राथमिक पाठशाला जरली, मंगवाईं वार्ड में सहायक पंजीयक सहकारी समितियां कार्यालय मंडी तथा उप-पंजीयक सहकारी समितियां कार्यालय मंडी को मतदान केंद्र बनाया गया है।

सन्यारड़ वार्ड में उद्योग विभाग कार्यालय मंडी और पर्यटन कार्यालय चड्यारा (विस्को रिजॉर्ट के पास), तलयाहड़ वार्ड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तलयाहड़ (लेफ्ट व राइट पार्ट) तथा चीफ इंजीनियर कार्यालय एचपीपीडब्ल्यूडी मंडी (कमरा 101 व 114) को मतदान केंद्र बनाया गया है।

पैलेस कॉलोनी-1 वार्ड में अधीक्षण अभियंता एचपीपीडब्ल्यूडी सर्किल कार्यालय (लेफ्ट व राइट पार्ट), पैलेस कॉलोनी-2 वार्ड में कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) एचपीपीडब्ल्यूडी मंडी, सैनिक बोर्ड कार्यालय मंडी तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाड़ी (प्रथम तल) को मतदान केंद्र बनाया गया है।

सुहड़ा वार्ड में राजकीय विजय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी (एडमिन व साइंस ब्लॉक) तथा उसी विद्यालय के पुराने भवन के ग्राउंड फ्लोर, समखेत्तर वार्ड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला मंडी (लेफ्ट व राइट पार्ट तथा कमरा नंबर 7), भगवाहन वार्ड में राजकीय प्राथमिक पाठशाला (बाल) मंडी (हेरिटेज बिल्डिंग) तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी (ग्राउंड फ्लोर 10+2 ब्लॉक) को मतदान केंद्र बनाया गया है।

थनेहड़ा वार्ड में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी) मंडी (लेफ्ट व राइट पार्ट), बेहना वार्ड में राजकीय प्राथमिक पाठशाला बेहना (लेफ्ट व राइट पार्ट) तथा दौंधी वार्ड में राजकीय प्राथमिक पाठशाला बगला (लेफ्ट व राइट पार्ट) को मतदान केंद्र निर्धारित किया गया है।

=========================================

बिजनी सब स्टेशन में मरम्मत कार्य के चलते 30 अप्रैल को विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित


मंडी, 28 अप्रैल। 132/33/11 केवी सब स्टेशन बिजनी में आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के चलते 30 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत उप-मंडल मंडी नंबर-III के सहायक अभियंता ई. होशियार सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान बाड़ी, गुमाणु, लोअर बिजनी, मट्ट, बिजनी, मैगल, टांडू, मेहड़, पाखारी, 9 मील, द्रंग, मसेरन, नलड़ी, भालाना, तांदी, अप्पर छिपनु, त्र्यंडी, नसलोह, बुरारिधार, हुमग्राम, रोपडू, अरड़ा और स्कोर सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मौसम खराब रहने की स्थिति में यह कार्य स्थगित कर अगले दिन किया जा सकता है।