चण्डीगढ़ : प्राचीन श्री गुग्गा माड़ी हनुमान मंदिर, सेक्टर 20 में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा पारायण ज्ञान यज्ञ महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हो गया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त किया और भक्ति रस में सराबोर हुए। कथा का रसपान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य भगवान भैया जी ने अपनी मधुर वाणी, सरल शैली और गूढ़ आध्यात्मिक व्याख्या के माध्यम से कराया। उनकी प्रेरणादायी कथाओं ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा के दौरान सुदामा चरित्र, व्यास पूजा एवं कथा विश्राम का विशेष आयोजन भी हुआ।

इस अवसर पर पंजाब के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धार्मिक आयोजन के साथ-साथ मानव सेवा का संदेश देते हुए रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 55 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने कथा एवं सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।